Saturday , June 27 2026 6:24 PM
Home / Business & Tech / सिर्फ 1 महीने में कमा डाले 8 लाख, पति-पत्‍नी का बिजनेस आइडिया हिट, जाह्नवी कपूर बनीं फैन

सिर्फ 1 महीने में कमा डाले 8 लाख, पति-पत्‍नी का बिजनेस आइडिया हिट, जाह्नवी कपूर बनीं फैन


यह कहानी बेंगलुरु के एक युवा कपल की है। इनके नाम हैं जुओला और अर्शिन। दोनों ने मार्केट की एक नब्‍ज पकड़कर मामूली पूंजी से सफल बिजनेस खड़ा कर दिया है। उन्‍होंने देखा कि भारतीय मोबाइल एक्सेसरीज बाजार जहां तेजी से बढ़ रहा है। वहीं स्टाइलिश और मजबूत फोन केसेज के मामले में हमेशा से बड़ा गैप रहा है। इसी गैप को भरने के आइडिया के साथ 2025 में उन्‍होंने अपने ब्रांड की शुरुआत की। इसका नाम ‘कियोको’ है। महज 6 महीनों में यह 16 लाख रुपये का बिजनेस बन गया। मार्च 2026 में वेबसाइट लॉन्च होने के बाद इस ब्रांड ने सिर्फ एक महीने में 8.2 लाख रुपये की कमाई कर डाली। आइए, यहां जुओला और अर्शिन की सफलता के सफर के बारे में जानते हैं।
ऐसे आया आइडिया – भारतीय मोबाइल एक्सेसरीज मार्केट साल 2033 तक 4.65 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है। लेकिन, इसके बावजूद महिलाओं के लिए ट्रेंडी और मजबूत फोन केसेज का बाजार में अभाव था। बाजार में या तो सिर्फ साधारण दिखने वाले केसेज मिलते थे या फिर सुंदर दिखने वाले कवर बहुत जल्दी टूट जाते थे।
इसी कमी को पूरा करने के लिए बेंगलुरु की 29 वर्षीय जुओला और उनके पति अर्शिन (32) ने मार्च 2025 में सिर्फ 5 लाख रुपये की पूंजी के साथ अपने एक्सेसरी ब्रांड की नींव रखी। इसका मकसद फैशन और क्वालिटी दोनों को एक साथ लाना था।
पति-पत्नी का बैकग्राउंड – जुओला ने चीन से एमबीबीएस की पढ़ाई के दौरान ही यह तय कर लिया था कि वह डॉक्टर नहीं बनना चाहतीं। उन्होंने वहां ड्रॉपशिपिंग जैसे छोटे बिजनेस से आंत्रप्रेन्योरशिप सीखी। भारत लौटने के बाद वह कंटेंट क्रिएशन करने लगीं।
दूसरे ओर अर्शिन अपने फैमिली बिजनेस से अलग कुछ नया करना चाहते थे। दोनों ने मिलकर जब स्‍टार्टअप शुरू किया तो शुरुआत में लॉजिस्टिक्स, मैन्युफैक्चरर्स को फाइनल करने और उनकी भारी मिनिमम ऑर्डर क्वांटिटी (MOQ) जैसी बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कई बार सामान खराब भी आया। लेकिन, उन्होंने क्वालिटी से कभी समझौता नहीं किया।
जाह्नवी कपूर भी हो गईं फैन – शुरू में इंस्टाग्राम डीएम के जरिए महीने में सिर्फ 10-20 ऑर्डर आते थे। लेकिन, जब इस कपल ने खुद पर्दे के पीछे के वीडियो और मिनी व्लॉग्स बनाकर शेयर करना शुरू किया तो ब्रांड की किस्मत बदल गई।
उन्होंने बॉलीवुड एक्ट्रेस खुशी कपूर को अपना एक फोन केस दिया। उसका व्लॉग शेयर किया, जिससे वीडियो वायरल हो गया। एक ही दिन में 100 से ज्यादा ऑर्डर आने लगे।
इसके बाद मशहूर अभिनेत्री जाह्नवी कपूर ने भी उनकी रील्स देखकर खुद फोन कवर मांगे। फिर आलिया कश्यप और संजना गणेशन जैसी सेलिब्रिटीज भी इस लिस्ट में शामिल हो गईं।
एक महीने में 8 लाख का बिजनेस – जुओला और अर्शिन के ब्रांड ने अक्टूबर 2025 में 1.1 लाख रुपये के रेवेन्यू से शुरुआत की थी। फरवरी 2026 तक आते-आते यह 2.6 लाख रुपये तक पहुंच गया।
मार्च 2026 में आधिकारिक वेबसाइट लाइव होने और जाह्नवी कपूर के वीडियो के हिट होने के बाद इस ब्रांड ने महज एक महीने में रिकॉर्ड 8.2 लाख रुपये का बिजनेस किया। 25% के प्रॉफिट मार्जिन पर काम कर रहे इस ब्रांड ने अब तक 1,400 से ज्यादा ग्राहकों को सेवा दी है।
भविष्य में जुओला और अर्शिन का इरादा अपनी टीम बढ़ाने, एंड्रॉइड फोन, एयरपॉड्स और आईपैड केसेज की कैटेगरी में उतरने के साथ अपने रेवेन्यू को दोगुना करने का है।