
चीन का YouTube जैसा प्लेटफॉर्म बिलीबिली (Bilibili) ऐप ग्लोबल लॉन्च हो गया है। यह ऐप फिलहाल एंड्रॉयड यूजर्स के लिए गूगल के प्ले स्टोर पर उपलब्ध है और आगे आने वाले समय में यह ऐप आईफोन यूजर्स के लिए iOS पर भी उपलब्ध हो जाएगा। ऐप सिर्फ चीन में नहीं बल्कि दुनिया के बाकी हिस्सों तक अपनी पहुंच बढ़ाने की कोशिश कर रहा है और अपनी लोकप्रियता बढ़ाने के लिए चीन से बाहर के क्रिएटर्स को भी अपने साथ जोड़ रहा है। क्रिएटर्स को भेजे गए नए जॉब लिस्टिंग और मार्केटिंग मटीरियल के अनुसार, Bilibili ने इस हफ्ते अपना पहले बंद हो चुका इंटरनेशनल ऐप फिर से लॉन्च किया है। साथ ही, कंपनी ने चुपचाप इंग्लिश भाषा वाली वेबसाइट लॉन्च करने और जापान, अमेरिका व यूरोप जैसे दुनिया के अहम बाजारों में स्टाफ बढ़ाने की योजना के बारे में भी बताया है।
YouTube के लिए कड़ी चुनौती – Bilibili कंपनी पहले से ही MrBeast जैसे लोकप्रिय विदेशी स्टार्स को अपनी चीन वाली वेबसाइट पर वीडियो डालने के लिए बढ़ावा दे रही है। यह साइट दुनिया भर में उपलब्ध है और इसके 376 मिलियन मंथली एक्टिव यूजर्स हैं। बड़े पैमाने पर ग्लोबल विस्तार YouTube को चुनौती दे सकता है, लेकिन इससे कंपनी के सामने सेंसरशिप, मॉडरेशन और डेटा सुरक्षा जैसे मुश्किल सवाल भी खड़े हो सकते हैं। ठीक वैसे ही विवाद, जिनका सामना अमेरिका में TikTok को कई वर्षों तक करना पड़ा था।
क्या है Bilibili ऐप? – बिलीबिली (Bilibili) ऐप एक लोकप्रिय वीडियो-स्ट्रीमिंग और कम्युनिटी प्लेटफार्म है, जो एनीमे, गेमिंग और यूजर जनरेटेड कंटेंट पर फोकस करता है। यानी जिस तरह Google का YouTube यूजर कंटेंट पर चलता है, उसी तरह Bilibili भी है। अब यह ऐप YouTube को टक्कर देने की पूरी तैयारी कर चुका है और दुनियाभर में यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है।
जल्द iOS के लिए भी होगा उपलब्ध – एक्स पर एक पोस्ट के जरिए कंपनी ने बताया कि हमने अभी-अभी अपना इंटरनेशनल ऐप दुनिया भर में लॉन्च किया है। अभी यह Android पर उपलब्ध है, iOS पर जल्द ही आएगा और जल्द ही और भी देशों में उपलब्ध होगा। दुनिया भर में उपलब्ध कंटेंट, बेहतर लोकलाइजेशन और बिना वेरिफिकेशन के आसानी से साइन-अप की सुविधा… साथ ही, लोकलाइजेशन में और सुधार और नए फीचर्स भी जल्द ही आएंगे।
नहीं होगी ID वेरिफिकेशन की जरूरत – बता दें कि नए इंटरनेशनल ऐप के लिए अब ID वेरिफिकेशन की जरूरत नहीं है। यानी यूजर्स बिना पासपोर्ट या ID डॉक्यूमेंट दिए साइन अप कर सकते हैं।
Bilibili ने हाल ही में अपने कंटेंट क्रिएटर्स को एक डॉक्यूमेंट भेजा, जिसमें उसने दावा किया कि उसकी ऐप पर सबसे ज्यादा अमीर, पढ़े-लिखे और युवा यूजर्स हैं। इसलिए, यह प्लेटफॉर्म स्टार्स के लिए नए दर्शकों से जुड़ने और पैसे कमाने की सबसे बेहतरीन जगह है।
भारत में इस ऐप की लॉन्चिंग को लेकर अभी कोई जानकारी नहीं है। हालांकि, अगर कंपनी इसे ग्लोबली ला रही है तो आगे आने वाले समय में ऐप को भारत में भी एंट्री मिल सकती है।
Home / Business & Tech / टिकटॉक के बाद चीन के ‘यूट्यूब’ की बारी, ग्लोबल यूजर्स के लिए हुआ लॉन्च, क्या भारत में आएगा?
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website