
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में भारत की 7.8% जीडीपी ग्रोथ को लेकर खुशी जताई है। उन्होंने इसे भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती और लोगों के सामूहिक प्रयास का नतीजा बताया। पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया में युद्ध, संकट और सप्लाई चेन में रुकावट के बावजूद भारत तेज गति से आगे बढ़ रहा है।
पीएम मोदी ने सोमवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें उन्होंने मैसेज दिया, ‘7.8% ग्रोथ। मजबूत आंकड़े, उससे भी मजबूत भरोसा।’ उन्होंने इस प्रदर्शन को देश की सामूहिक जिम्मेदारी और ताकत का प्रदर्शन बताया।
वैश्विक संकट के बीच भारत की तेज ग्रोथ – पीएम मोदी ने कहा कि इस समय दुनिया कई चुनौतियों से जूझ रही है। अलग-अलग हिस्सों से युद्ध की खबरें आ रही हैं और वैश्विक सप्लाई चेन बुरी तरह प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के दौर यानी 2020 के बाद से दुनिया में स्थिरता लगातार चुनौती बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि इन सभी चुनौतियों के बावजूद भारत तेज गति से आगे बढ़ रहा है। पीएम मोदी ने इस उपलब्धि का श्रेय देश के लोगों के संकल्प और मेहनत को दिया।
‘झूठ की गूंज’ फैलाने वालों पर निशाना – पीएम मोदी ने जीडीपी के आंकड़ों को लेकर देश के भीतर निराशावादी माहौल बनाने वालों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग निराशा में डूबे हुए हैं और लगातार ‘झूठ की गूंज’ और निराशा फैलाने में लगे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि 7.8% की आर्थिक वृद्धि ने ऐसे लोगों के नकारात्मक नैरेटिव को जवाब दिया है। उन्होंने देशवासियों से इसी गति को बनाए रखने और आगे बढ़ते रहने की अपील की।
RBI के अनुमान से बेहतर रहा GDP ग्रोथ – भारत की अर्थव्यवस्था ने अप्रैल-जून 2026 तिमाही में 7.8% की दर से वृद्धि की। यह ग्रोथ भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के 7% के अनुमान से अधिक रही। हालांकि, पिछली तिमाही में दर्ज 8.6% की वृद्धि के मुकाबले इसमें कमी आई है। वहीं, एक साल पहले की समान तिमाही में GDP ग्रोथ 6.9% रही थी। इस प्रदर्शन के साथ भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में सबसे तेज गति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था बना हुआ है।
Home / Business & Tech / भारत की 7.8% GDP ग्रोथ से PM मोदी गदगद, ‘झूठ की गूंज’ फैलाने वालों पर साधा निशाना
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website