Friday , September 4 2026 5:21 PM
Home / Entertainment / 70000% मुनाफा कमाने वाली Obsession फिल्‍म के मेकर्स पर मुकदमा, प्रोड्यूसर ने लगाए संगीन आरोप

70000% मुनाफा कमाने वाली Obsession फिल्‍म के मेकर्स पर मुकदमा, प्रोड्यूसर ने लगाए संगीन आरोप


साल 2026 के मई महीने में रिलीज सुपरनैचुरल हॉरर फ‍िल्म ‘ऑब्सेशन’ आपको याद होगी। राइटर-डायरेक्‍टर करी बार्कर की इस फिल्‍म ने अपनी कमाई से बॉक्‍स ऑफिस पर इतिहास रच दिया था। माइकल जॉनस्टन और इंडे नवरेट स्‍टारर इस फिल्‍म ने दुनियाभर में ₹5,057 करोड़ ($505.7 मिलियन डॉलर) की भारी-भरकम कमाई की थी। जबकि इसका बजट सिर्फ ₹7.15 करोड़ है। लागत के मुकाबले फिल्‍म ने बॉक्‍स ऑफिस पर 70,627.27% का मुनाफा कमाया। लेकिन अब Obsession की एक एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर ने मेकर्स पर संगीन आरोप लगाते हुए केस दर्ज किया है। लियोनोरा एन डार्बी का दावा है कि उन्‍होंने इस सुपरहिट फ‍िल्म को खराब एडिटिंग से ‘बचाया’ था, लेकिन उनके दो साथी प्रोड्यूसर्स ने मुनाफे में हिस्‍सा देने से इनकार कर दिया है।
‘ऑब्सेशन’ की एग्‍जीक्‍यूटिव प्रोड्यूसर लियोनोरा का यह मुकदमा ऐसे समय में आया है, जब फिल्‍म ने ₹5,049.85 करोड़ का मुनाफा कमाया है। इस फिल्‍म ने अकेले भारतीय सिनेमाघरों से ₹99.25 करोड़ की कुल कमाई की थी।
प्रोडक्‍शन कंपनी के को-फाउंडर्स पर मुकदमा – कैलिफोर्निया स्टेट कोर्ट में दायर मुकदमे के मुताबिक, प्रोड्यूसर लियोनोरा एन डार्बी ने ‘टी शॉप प्रोडक्शंस’ (Tea Shop Productions) के को-फाउंडर और अपने साथियों जेम्स हैरिस और मार्क लेन पर आरोप लगाए हैं। लियोनोरा का दावा है कि कंपनी ने ‘बराबर का प्रोड्यूसर’ मानने के समझौते को तोड़ा है और ‘ऑब्सेशन’ में उनकी अहम भूमिका को नहीं माना है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है।
लियोनोरा से किया गया था मुनाफे में हिस्‍सेदारी का वादा – हालांकि, लियोनोरा ने यह माना कि ‘ऑब्सेशन’ में आधिकारिक तौर पर एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर का क्रेडिट दिया गया था। लेकिन मुकदमे में तर्क दिया गया है कि उन्‍होंने ‘टी शॉप प्रोडक्शंस’ के कामकाज के आंतरिक तरीके के हिसाब से एक लीड प्रोड्यूसर के तौर पर काम किया। मुकदमे में आरोप है कि जब ‘ऑब्सेशन’ एक बड़ी हिट बन गई, तो उन्हें उन प्रोजेक्ट्स के नेट प्रॉफ‍िट में हिस्सेदारी से बाहर कर दिया गया, जिनका उन्होंने लीड प्रोड्यूसर के तौर पर काम किया था।
लियोरोना के वकील का बयान – लियोनोरा एन डार्बी के वकील थॉमस के. रिचर्ड्स ने बयान में कहा, ‘डार्बी ने गंभीर और ठोस दावे किए हैं, जिनके समर्थन में फैक्‍ट्स वाले रिकॉर्ड मौजूद हैं। उन्हें अपने दावों पर पूरा भरोसा है और वह इसे कानूनी तौर पर आगे बढ़ाना चाहती हैं।’
लियोनोरा डार्बी ने 2019 में जॉइन की थी प्रोडक्‍शन कंपनी – लियोनोरा एन डार्बी ने 2019 में डेवलपमेंट और प्रोडक्शन एग्जीक्यूटिव के तौर पर ‘टी शॉप प्रोडक्शंस’ जॉइन किया था। तरक्की करते हुए हैरिस और लेन के साथ वह कंपनी की तीन प्रोड्यूसर्स में से एक बन गईं। उन्होंने इससे पहले थ्रिलर फ‍िल्में ‘द सर्फर’ (2024), ‘टोरनेडो’ (2025) और हॉरर फ‍िल्म ‘अ बैंक्वेट’ (2021) के अलावा कई अन्य दूसरी मूवीज भी प्रोड्यूस कीं। दावा है कि साल 2024 में उन्होंने अपनी इस तरक्की के आधार पर मुआवजे को लेकर बातचीत की, जिसमें सभी पक्ष इस बात पर सहमत हुए कि जिन फिल्मों में उन्होंने लीड प्रोड्यूसर के तौर पर काम किया है, उनके नेट प्रॉफ‍िट का एक-तिहाई हिस्सा उन्हें मिलेगा। वे कलेक्शन अकाउंट मैनेजमेंट एग्रीमेंट में भी शामिल होंगी।
लियोनोरा डार्बी ने याचिका में किए हैं काम को लेकर ये दावे – अब लियोनोरा डार्बी के मुताबिक, ‘ऑब्सेशन’ फ‍िल्म से वह तब जुड़ीं, जब फ‍िल्म की एडिटिंग का काम डायरेक्टर करी बार्कर से लेकर एक नए एडिटर को सौंप दिया गया था। मुकदमे के मुताबिक, इस कारण फ‍िल्म को नुकसान हो रहा था। डार्बी ने एडिटिंग का काम बार्कर को वापस सौंपने और फ‍िल्म की कमियों को दूर करने के लिए कुछ हिस्सों को दोबारा शूट करने की मांग की। मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि क्रिएटिव तौर पर लीड मेल और लीड एक्‍ट्रेस के बीच शुरुआती रिश्तों, पहले दो एक्ट में किरदारों के विकास और फ‍िल्म के सुपरनैचुरल एलिमेंट्स को पूरा करने में लियोनोरा डार्बी की सलाह काम आई। इसमें ‘वन विश विलो’ को एक असली एलिमेंट बनाना शामिल था। बाद में, उन्होंने फ‍िल्म को पूरा करने में लीडरशिप की भूमिका निभाई ताकि इसे टोरंटो इंटरनेशनल फ‍िल्म फेस्टिवल में समय पर भेजा जा सके, जहां इसे फोकस फीचर्स को 16.2 मिलियन डॉलर में बेचा गया।
लियोनोरा बोलीं- फिल्‍म हिट होने के बाद बदल गए बोल – हालांकि, दावे के मुताबिक कहानी में ट्व‍िस्‍ट तब आया, जब ‘ऑब्सेशन’ बड़ी हिट बन गई। हैरिस और लेन ने कथित तौर पर लियोनोरा डार्बी के साथ हुए 2024 के समझौते का ‘बार-बार उल्लंघन’ किया। इसमें दावा किया गया है कि दोनों ने उन्हें फ‍िल्म में उनके काम के लिए मिलने वाली पहचान से दूर रखा। उन्हें फ‍िल्म के प्रीमियर में नहीं बुलाया और कहा गया कि ‘ऑब्सेशन’ एक ऐसी फ‍िल्म होगी, जिसमें उन्हें आगे कोई हिस्सेदारी नहीं मिलेगी।
हैरिस ने दिया था 300,000 डॉलर का ऑफर – जब लियोनोरा डार्बी ने हैरिस के साथ फिल्‍म से हुई कमाई का मुद्दा उठाया, तो हैरिस ने उन्‍हें 300,000 डॉलर का शुरुआती पेमेंट ऑफर किया। मुकदमे में कहा गया है कि यह पेमेंट इस सहमति के साथ किया गया था कि इसके बाद भी उन्हें नेट प्रॉफ‍िट में हिस्सा मिलता रहेगा। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। जबकि कलेक्शन अकाउंट मैनेजमेंट एग्रीमेंट के तहत लियोनोरा की पहुंच फिल्‍म की असल कमाई के आंकड़ों तक थी।