Friday , October 16 2026 11:31 AM
Home / Entertainment / ब्रेकिंग बैड’ फेम RJ Mitte की सुसाइड से मौत, 34 के एक्‍टर ने बीते साल की थी सगाई, ब्रायन क्रैंस्टन का कचोटा दिल

ब्रेकिंग बैड’ फेम RJ Mitte की सुसाइड से मौत, 34 के एक्‍टर ने बीते साल की थी सगाई, ब्रायन क्रैंस्टन का कचोटा दिल


हॉलीवुड से एक दिल तोड़ने वाली खबर आई है। अमेरिकी एक्‍टर-प्रोड्यूसर और ‘ब्रेकिंग बैड’ फेम आरजे मिट्टे की मौत हो गई है। उन्‍होंने इस बेहद मशहूर वेब सीरीज में वॉल्टर व्हाइट के बेटे का किरदार निभाया था। RJ Mitte महज 34 साल के थे और उन्‍होंने आत्‍महत्‍या की है। सीरीज के लीड हीरो और उनके पिता का रोल निभाने वाले एक्‍टर ब्रायन क्रैंस्टन ने इसकी पुष्‍ट‍ि की है। उन्‍होंने एक भावुक नोट शेयर किया है। ब्रायन क्रैंस्टन कहते हैं, ‘कुछ हफ्ते पहले ही हमारी बातचीत हो रही थी। यह सुनकर और भी ज्यादा दुख होता है कि उन्होंने अपनी जान खुद ले ली। क्यों? मैं तुम्हें याद करूंगा, बेटे।
‘TMZ’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार को टेक्सास के ब्राउनविले में काउंटी अधिकारियों ने एक्‍टर के मौत की पुष्टि की है। आरजे मिट्टे एक्‍टर होने के साथ ही सामाजिक कार्यकर्ता भी थे। वह दिव्‍यांगों के हक के लिए आवाज उठाने के लिए जाने जाते थे। कैमरन काउंटी की जस्टिस ऑफ द पीस सिंडी हिनोजोसा ने ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि उन्होंने ब्राउनविले, टेक्सास में आरजे मिट्टे के घर पर दोपहर करीब 1:30 बजे उन्हें मृत घोषित किया। उन्होंने कहा कि वह मौत की वजह नहीं बता सकतीं, लेकिन पोस्टमार्टम किया जाएगा।
आरजे मिट्टे की टीम ने जारी किया बयान – एक्टर की टैलेंट मैनेजमेंट एजेंसी ने भी एक बयान जारी किया है, इसमें कहा गया, ‘हमें बेहद दुख के साथ मशहूर एक्टर, समाजसेवी और दिव्यांगों के अधिकारों के लिए जोश से काम करने वाले RJ मिट्टे के दुखद निधन की खबर साझा करनी पड़ रही है।’ ‘पीपल मैगजीन’ ने अपनी रिपोर्ट के एक्‍टर के प्रवक्‍ता के हवाले से बताया है कि आरजे मिट्टे ने आत्महत्या की है।
बीते साल अक्‍टूबर में गर्लफ्रेंड से की थी सगाई – निजी जिंदगी में एक्‍टर ने बीते साल अक्‍टूबर 2025 में ही कैनेडी सुआरेज से सगाई की थी। इससे पहले 2023 में आरजे मिट्टे ने खुलासा किया था कि वह कैनेडी को 2018 से डेट कर रहे हैं। उन्होंने पिछले साल उन्हें प्रपोज किया था और फिर सगाई कर ली।
ब्रायन क्रैंस्टन के लिखा भावुक नोट – ‘ब्रेकिंग बैड’ में आरजे मिट्टे के पिता और लीड रोल निभाने वाले एक्‍टर ब्रायन क्रैंस्टन ने आरजे मिट्टे की मौत पर एक लंबा-चौड़ा भावुक नोट शेयर किया है। इंस्‍टाग्राम पर मिट्टे के साथ तस्‍वीर शेयर करते हुए वह लिखते हैं, ‘आज जब मैं यह लिख रहा हूं तो मैं बहुत दुखी हूं। ‘ब्रेकिंग बैड’ में मेरे प्यारे बेटे का किरदार निभाने वाले RJ Mitte का निधन हो गया है। मैं उनसे तब मिला था जब वे सिर्फ 14 साल के थे और उन्हें ‘वॉल्टर व्हाइट जूनियर’ के रोल के लिए चुना गया था – एक ऐसा रोल जिसे उन्होंने बहुत खुशी और जोश के साथ निभाया। सेरेब्रल पाल्सी के साथ पैदा होने के बावजूद, उन्होंने कभी भी – बिल्कुल कभी नहीं – इस चुनौती को किसी भी चीज के लिए बहाना नहीं बनने दिया। उन्होंने शूटिंग के मुश्किल शेड्यूल का पूरे संकल्प के साथ सामना किया। वे हमेशा अपने टीवी माता-पिता (एना गन और मैं) की सलाह सुनते थे। लेकिन टीनएजर होने के नाते, कभी-कभी शरारत में सलाह को नजरअंदाज करके खुद अनुभव से सीखते थे…।’