Wednesday , November 18 2026 6:17 PM
Home / Sports / 4 तेज गेंदबाजों के साथ उतरेंगे, ऋषभ पंत का खेलना भी तय, शुभमन गिल ने कहा- उन्होंने दुनियाभर में शतक ठोके हैं

4 तेज गेंदबाजों के साथ उतरेंगे, ऋषभ पंत का खेलना भी तय, शुभमन गिल ने कहा- उन्होंने दुनियाभर में शतक ठोके हैं


भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने मंगलवार को कहा कि टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज में निश्चित रूप से चार तेज गेंदबाजों के साथ खेलेगी और इसके साथ ही उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की फॉर्म और फिटनेस को लेकर जताई जा रही चिंताओं को भी खारिज कर दिया।
शुभमन गिल ने पहले टेस्ट से पहले क्या कहा? – शुभमन गिल ने गुरुवार से यहां शुरू होने वाली दो टेस्ट मैच की सीरीज से पहले कहा, ‘हम निश्चित रूप से चार तेज गेंदबाजों के साथ मैदान पर उतरेंगे।’ भारतीय कप्तान ने हाल में वनडे सीरीज के दौरान युवा तेज गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा, ‘हमारे सभी तेज गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया है और यह टीम के लिए अच्छी चुनौती है।’
जसप्रीत बुमराह भी लौटेंगे वापस – भारत ने वनडे सीरीज में 3-1 से जीत हासिल की थी। सीनियर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की वापसी से भारतीय आक्रमण को मजबूती मिलेगी। सीमित ओवरों की सीरीज में प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ को भी स्पिनर कुलदीप यादव की जगह टेस्ट टीम में लिया गया है।
गिल ने कहा, ‘हमें चार तेज गेंदबाजों की जरूरत है, लेकिन यह तय नहीं है कि कौन खेलेगा। तीसरे दिन से हमने देखा है कि पिच सपाट हो जाती है और हमें ऐसे गेंदबाज की जरूरत है जो पिच पर गेंद को अच्छी तरह पटक सके।’
ऋषभ पंत के खेलने पर क्या बोले पंत – भारतीय कप्तान ने पंत का भी समर्थन किया जो फिटनेस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। गिल ने कहा, ‘ऋषभ पंत को लेकर कोई दुविधा नहीं है। उन्होंने 50 टेस्ट मैच खेले हैं। उन्होंने दुनिया भर में रन बनाए हैं। वह विकेटकीपर हैं जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया में शतक बनाया है।’