Thursday , November 19 2026 4:59 PM
Home / Sports / मेरी तो समझ से परे है, मोहम्मद सिराज को बाहर करने पर भड़के सुनील गावस्कर, कहा- उसने देश को कभी निराश नहीं किया

मेरी तो समझ से परे है, मोहम्मद सिराज को बाहर करने पर भड़के सुनील गावस्कर, कहा- उसने देश को कभी निराश नहीं किया


वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू हुए पहले टेस्ट मुकाबले में भारतीय टीम मैनेजमेंट के प्लेइंग इलेवन के फैसलों ने हर किसी को चौंका दिया। हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल ने विदेशी परिस्थितियों में भारत के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में शुमार मोहम्मद सिराज को प्लेइंग 11 से बाहर रखने का बड़ा कदम उठाया है। बेसिन रिजर्व की हरी-भरी पिच को देखते हुए भारत ने चार विशेषज्ञ तेज गेंदबाजों के साथ उतरने की रणनीति बनाई और सिराज की जगह युवा तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज को तरजीह दी। इस फैसले पर भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सुनील गावस्कर ने भी गहरी हैरानी जताई है।
सिराज को बाहर करने पर भड़के सुनील गावस्कर – सोनी स्पोर्ट्स से बात करते हुए सुनील गावस्कर ने मोहम्मद सिराज को बाहर रखे जाने के फैसले पर सवाल उठाए और कहा कि सिराज ने कभी भी भारतीय टीम को निराश नहीं किया है। गावस्कर ने कहा, ‘जब वह टेस्ट टीम के साथ जल्दी नहीं जुड़े थे तभी इसके संकेत मिल गए थे। जब उन्होंने आखिरी वनडे खेला तो मुझे लगा था कि वे उन्हें टेस्ट में खिलाने जा रहे हैं। लेकिन यह एक आश्चर्य की बात है। मुझे नहीं लगता कि उन्होंने भारत को निराश किया है। उन्होंने भारत को कभी निराश नहीं किया।’ पूर्व कप्तान ने यह भी स्पष्ट किया कि सिराज की मौजूदा फॉर्म या लय में ऐसी कोई गिरावट नहीं आई थी जिसके चलते उन्हें टीम से बाहर का रास्ता दिखाया जाए।
इंग्लैंड में किया था शानदार प्रदर्शन – गावस्कर ने पिछले साल इंग्लैंड दौरे पर सिराज के शानदार प्रदर्शन को याद करते हुए कहा कि उनकी गेंदबाजी में किसी तरह की कोई खराबी नजर नहीं आ रही थी। उन्होंने आगे कहा, ‘उनकी गेंदबाजी में कुछ भी गलत नहीं हुआ है। उनकी लय अच्छी है। हाल ही में उन्होंने जो भी क्रिकेट खेला है मैंने जितना देखा है, वह बिल्कुल ठीक रहे हैं। उन्हें क्यों नहीं चुना गया यह मुझे नहीं पता। मैं बस यही उम्मीद करता हूं कि जिन खिलाड़ियों को उनसे पहले चुना गया है वे अच्छा प्रदर्शन करें।’
शानदार हैं सेना में सिराज के आंकड़े – पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में सिराज ने सर्वाधिक 23 विकेट चटकाए थे और द ओवल में खेले गए निर्णायक टेस्ट में 9 विकेट लेकर भारत को यादगार जीत दिलाई थी। इतना ही नहीं, अपने टेस्ट डेब्यू के बाद से सेना देशों यानी दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में सिराज भारत के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज हैं जहां उन्होंने 23 टेस्ट मैचों में चार बार पांच विकेट हॉल समेत कुल 91 विकेट अपने नाम किए हैं।