Friday , November 20 2026 7:22 PM
Home / Uncategorized / हकीम जेफ्रीज अमेरिकी संसद में इतिहास रचने की ओर, हाउस का पहला अश्वेत स्पीकर बनना हुआ तय

हकीम जेफ्रीज अमेरिकी संसद में इतिहास रचने की ओर, हाउस का पहला अश्वेत स्पीकर बनना हुआ तय


हकीम जेफ्रीज अमेरिकी प्रतिनिधि सभा (हाउस) के स्पीकर पद के लिए आधिकारिक तौर पर नामित होने वाले पहले अश्वेत सांसद बने हैं। बुधवार को न्यूयॉर्क के 56 वर्षीय सांसद ने इस पद के लिए अपनी पार्टी (डेमोक्रेट्स) का नामांकन हासिल किया। यह घटनाक्रम मिडटर्म चुनावों में डेमोक्रेट्स की शानदार जीत के कुछ हफ्तों बाद हुआ है, जिसमें पार्टी ने अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों पर नियंत्रण पा लिया है। हकीम अमेरिका के पहले अश्वेत स्पीकर बनकर इतिहास रहने के करीब हैं। डेमोक्रेट्स के भारी बहुमत को देखते हुए उनका चुना जाना तकरीबन तय है।
अमेरिका में 3 जनवरी को नई कांग्रेस की बैठक में जेफ्रीज को वोटिंग का सामना करना होगा। उन्हें नामांकित और निर्वाचित किया जाता है तो ऐसा पहली बार होगा,जब कोई अश्वेत सांसद हाउस स्पीकर का पद संभालेगा। यह पद राष्ट्रपति के बाद दूसरा सबसे महत्वपूर्ण स्थान है और अमेरिकी संविधान के तहत कांग्रेस में एकमात्र ऐसा नेतृत्व पद है, जिसका उल्लेख विशेष रूप से किया गया है।
स्पीकर के पद पर अफ्रीकी – देश की कैपिटल बिल्डिंग (संसद भवन) में स्पीकर का पद संभालना जेफ्रीज के लिए एक बड़ी उपलब्धि होगी। दिलचस्प बात यह है कि इस इमारत को बनाने में उन अफ्रीकी-अमेरिकियों का योगदान रहा है, जिन्हें गुलाम बनाकर रखा गया था। यह अमेरिकी राजनीति के 150 साल से अधिक के इतिहास का अहम पड़ाव है।
हाउस स्पीकर के लिए अपने ऐतिहासिक नामांकन के बाद हकीम ने ब्रुकलिन के कामकाजी वर्ग के इलाके से राष्ट्रीय राजनीतिक मंच के अपने सफर को याद किया। जेफ्रीज ने शर्ली चिशोल्म को श्रद्धांजलि दी, जो कांग्रेस के लिए चुनी जाने वाली पहली अश्वेत महिला थीं। उन्होंने याद किया कि उनके बचपन के दिनों में शर्ली चिशोल्म उनके इलाके का प्रतिनिधित्व करती थीं।
हकीम को मिला भारी समर्थन – डेमोक्रेटिक पार्टी ने बुधवार को हकीम जेफ्रीज को हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के अगले स्पीकर पद के लिए भारी बहुमत से चुना है। पार्टी की वोटिंग में जेफ्रीज को 251 वोट मिले, जबकि केवल 11 वोट उनके खिलाफ पड़े। उनके सामने कोई सीधा प्रतिद्वंद्वी नहीं था लेकिन कुछ नीतिगत मुद्दों पर पार्टी के प्रगतिशील धड़े की ओर से कुछ नेताओं ने उनका विरोध किया।
मिडटर्म चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी ने 436 सदस्यीय प्रतिनिधि सभा में 257 सीटें हासिल की हैं। ऐसे में जनवरी में सदन के अंदर होने वाले औपचारिक चुनाव में जेफ्रीज की जीत तय है। वे रिपब्लिकन नेता माइक जॉनसन की जगह लेंगे। अमेरिका में पहले अफ्रीकी-अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और उपराष्ट्रपति कमला हैरिस रह चुके हैं लेकिन प्रतिनिधि सभा के स्पीकर पद पर कोई अफ्रीकी-अमेरिकी नहीं पहुंचा है।