Thursday , November 26 2026 8:36 PM
Home / News / India / जम्मू कश्मीर में वक्फ बोर्ड के कार्यक्रम में पूरा वंदे मातरम बजाए जाने पर विवाद, मुस्लिम धर्मगुरुओं ने मांगी माफी

जम्मू कश्मीर में वक्फ बोर्ड के कार्यक्रम में पूरा वंदे मातरम बजाए जाने पर विवाद, मुस्लिम धर्मगुरुओं ने मांगी माफी


जम्मू-कश्मीर में वक्फ बोर्ड के एक कार्यक्रम में पूरा ‘ वंदे मातरम ‘ बजाए जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। वक्फ बोर्ड के इस कार्यक्रम में शामिल हुए कई मुस्लिम धर्मगुरुओं ने इस पर माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि अगर कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी से किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं तो वे इसके लिए अल्लाह से माफी मांगते हैं। धर्मगुरुओं का कहना है कि उन्होंने न तो अपने मन से और न ही अपने शब्दों से इस गीत का समर्थन किया। उन्होंने खेद जताते हुए अल्लाह से तौबा करने की बात कही है।
जानें पूरा मामला – दरअसल, सोमवार को श्रीनगर में आयोजित ‘वक्फ दिवस’ कार्यक्रम में केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की चेयरपर्सन और बीजेपी नेता डॉ. दरख्शां अंद्राबी, लोकसभा सांसद मियां अल्ताफ अहमद समेत कई लोग शामिल हुए थे। इस दौरान बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की 1875 में लिखी कविता ‘वंदे मातरम’ के सभी छह पद बजाए गए थे। कार्यक्रम में मौजूद धर्मगुरुओं ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा कि उनकी मौजूदगी को गीत के समर्थन के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर हमारी उपस्थिति से किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है तो हम अल्लाह के सामने सच्चे दिल से तौबा करते हैं और प्रार्थना करते हैं कि वह हमारी तौबा को स्वीकार करे।
MMU ने वक्फ बोर्ड के कार्यक्रम पर उठाए सवाल – मीरवाइज उमर फारूक के नेतृत्व वाले मुत्ताहिदा मजलिस-ए-उलेमा ने भी इस मामले पर आपत्ति जताई है। संगठन ने कहा कि किसी आधिकारिक कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम’ बजाना कानूनी रूप से अनिवार्य नहीं है। उसने वक्फ बोर्ड की आलोचना करते हुए कहा कि मुस्लिम धार्मिक संपत्तियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाली संस्था के कार्यक्रम में इस गीत को बजाना गलत है। ‘वंदे मातरम’ के कुछ विचार इस्लाम के तौहीद यानी अल्लाह की एकता के सिद्धांत के विपरीत हैं। संगठन ने स्पष्ट किया कि इस्लाम मातृभूमि से प्रेम करने को बढ़ावा देता है, लेकिन मातृभूमि से प्रेम और उसकी पूजा करने में अंतर करता है।