Saturday , November 28 2026 2:48 PM
Home / Uncategorized / ‘भारत आना एक जिम्मेदारी थी’: पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक का बड़ा बयान, सिंधु जल संधि पर क्या कहा?

‘भारत आना एक जिम्मेदारी थी’: पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक का बड़ा बयान, सिंधु जल संधि पर क्या कहा?


पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मामलों के मंत्री मुसादिक मलिक ने कहा है कि उनका भारत आना एक जिम्मेदारी थी। वह शंघाई सहयोग संगठन की एक बैठक में भाग लेने के लिए भारत यात्रा पर आए थे। मुसादिक मलिक ने नई दिल्ली में स्थित लाल किले में आयोजित पहले SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में पाकिस्तान के डेलीगेशन का नेतृत्व किया। उनकी इस यात्रा को भारत-पाकिस्तान संबंधों में सुधार के तौर पर देखा गया। हालांकि, विशेषज्ञों ने किसी बड़े बदलाव से इनकार किया है।
कुछ विशेषज्ञों ने मुसादिक मलिक को भारत भेजे जाने के पाकिस्तान के फैसले पर सवाल भी उठाए थे। दरअसल, एससीओ की बैठक सभ्यताओं को लेकर आयोजित की गई थी। इस बैठक में पाकिस्तान के संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खिंची के आने की ज्यादा संभावना जताई जा रही थी। एससीओ की बैठक को भी भारत के संस्कृति मंत्रालय और विदेश मंत्रालय ने मिलकर आयोजित किया था। दूसरी ओर मुसादिक मलिक ने सिंधु जल संधि को लेकर भारत के खिलाफ विवादित बयान दिया था। इसके बावजूद मुसादिक मलिक को पाकिस्तान ने डेलीगेशन का नेतृत्व करने के लिए चुना।
मुसादिक मलिक को भारत आने में कोई रिस्क नहीं – गेटवे हाउस को दिए इंटरव्यू में मुसादिक मलिक ने कहा कि उन्हें भारत आने में कोई रिस्क नहीं लगा। उन्होंने एससीओ बैठक में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने को एक बड़ी जिम्मेदारी बताया। उन्होंने जियोपॉलिटिक्स का हवाला देते हुए कहा कि एससीओ में शामिल हर एक देश के पास बड़े मुद्दे हैं, जिसे सभी आपस में मिलकर ही सुलझा सकते हैं। उन्होंने कहा कि ये मुद्दे सबसे कमजोर लोगों पर ज्यादा असर डालते हैं। उन्होंने आगे कहा कि हमें एक ऐसा फोरम ढूंढना चाहिए, जहां सभी मिलकर चिंताएं साझा कर सकें और समस्याओं का हल ढूंढ सकें।
मुसादिक मलिक ने मोहनजोदड़ो का दिया हवाला – उन्होंने पर्यावरण का संबंध संस्कृति और सभ्यताओं से भी जोड़ा। उन्होंने आगे कहा कि जब मैंने एससीओ की बैठक में भाषण दिया तो उसमें मोहनजोदड़ो की सभ्यता का जिक्र किया, जिसकी दीवारें 2020 में बाढ़ और बारिश से हुई तबाही में गिर गईं थी। उन्होंने कहा कि यह सब जलवायु परिवर्तन से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में कोई सभ्यता दूसरी सभ्यता पर बुरा असर नहीं डाल रही, बल्कि जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण को पहुंच रहा नुकसान हम सब पर बुरा असर डाल रहा है।
सिंधु जल संधि को लेकर क्या बोले मुसादिक मलिक – सिंधु जल संधि विवाद को लेकर मुसादिक मलिक ने कहा कि फिलहाल वह एससीओ सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत आए थे। अगर भविष्य में भारत सिंधु जल संधि पर बातचीत के लिए बुलाता है तो वह इसके लिए भी तैयार हैं। उन्होंने कहा कि मैं किसी द्विपक्षीय बैठक से इनकार नहीं कर रहा हूं। मुसादिक मलिक ने कहा कि हमें एससीओ में भी कई देशों से मुद्दे सुलझाने हैं, लेकिन जरूरी नहीं है कि हर मुद्दे दुश्मनी वाले हों। ऐसे में अगर भारत भविष्य में अलग से सिंधु जल संधि पर बातचीत के लिए बुलाता है, तो हम पूरी तरह तैयार हैं।