
बोतलों के सहारे तैरता रहा : यह वीडियो देखकर बहुत से लोग भावुक हो गए! दरअसल, इसे बुधवार को फिल्माया गया था। इसमें एक लड़का प्लास्टिक की खाली बोतलों को अपनी कमर और कपड़ों से बांधे समंदर की सतह पर बने रहने की कोशिश कर रहा है। वह किनारे तक पहुंचने के लिए काफी जद्दोजहद कर रहा है, चिल्ला रहा है, रो रहा है… उसकी बेबसी उसके चेहरे पर साफ झलक रही है। बताया गया कि यह प्रवासी लड़का स्पेन-मोरक्को सीमा से तैरते हुए स्पेन के उत्तरी अफ्रीकी क्षेत्र सेउटा पहुंचा है।
जब सैनिकों ने उसे पकड़ लिया : देखा जा सकता है कि जब युवक पानी से निकलकर सामने मौजूद दीवार को फांद के शहर में जाने की कोशिश करता है, तो वहां मौजूद स्पेनिश सैनिक उसे हिरासत में ले लेते हैं। ‘रॉयटर्स‘ की रिपोर्ट के मुताबिक वो लड़का कहता सुनाई दे रहा है कि मोरक्को वापस जाने के बजाय वह मरना पसंद करेगा। बता दें, यह बच्चा उन 8 हजार प्रवासियों में से एक है जो मोरक्को छोड़कर सेउटा आ गए हैं।
लौटने के बजाय मरना पसंद करूंगा’ : युवक को साथ ले जाने वाले स्पेनिश सैनिक रशीद मोहम्मद अल मेसाउई ने बताया कि वो कह रहा था, ‘वह वापस नहीं जाना चाहता, उसका मोरक्को में कोई नहीं है, उसे कोई परवाह नहीं अगर वो ठंड से भी मर जाए, वह मरना पसंद करेगा… मोरक्को लौटने के बजाय।’ जवान ने आगे कहा, ‘मैंने कभी इतने नौजवान युवक को ऐसा कहते नहीं सुना।’
क्यों मोरक्को छोड़ रहे हैं लोग? : रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब 17 मई को मोरक्को ने अपनी सीमाओं पर नियंत्रण ढीले किए तो सीमा पार करने के इच्छुक लोगों ने मौके फायदा उठाया। लेकिन सेउटा पहुंचते ही स्पेनिश सैनिकों ने उन्हें हिरासत में ले लिया। दरअसल, स्पेन… मोरक्को के रहने वालों को शरणार्थी का दर्जा नहीं देता है। सिर्फ बिना अभिभावकों के आए नाबालिग सरकार की देख-रेख में देश में रह सकते हैं। बता दें, मोरक्को के एक बागी नेता को स्पेन के एक अस्पताल में उपचार की अनुमति मिलने के बाद से दोनों देशों के बीच रिश्ते खराब हो गए।
Home / News / प्लास्टिक की बोतलों के सहारे पहुंचा दूसरे देश, सैनिकों से कहा- लौटने के बजाय मरना पसंद करूंगा
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website