
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत की तारीफ की है और उसके नागरिकों को ‘प्रतिभाशाली’ और ‘प्रेरित’ कहा है। एक हफ्ते पहले पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी तारीफ की थी। रूसी राष्ट्रपति ने शुक्रवार रूस के यूनिटी डे के अवसर पर बोलते हुए कहा, ‘विकास के मामले में भारत उत्कृष्ट नतीजे हासिल करेगा, इसमें कोई संदेह नहीं है और करीब डेढ़ अरब लोगों में यह क्षमता है।’ इससे पहले 27 अक्टूबर को पुतिन ने पीएम मोदी की स्वतंत्र विदेश नीतियों की तारीफ करते हुए कहा था कि वह एक सच्चे देशभक्त हैं। भारत और रूस के संबंध जगजाहिर हैं जो कई बार पश्चिमी देशों के नजरों में खटकते हैं।
पुतिन ने कहा कि विकास के मामले में भारत उत्कृष्ट परिणाम हासिल करेगा, इसमें कोई शक नहीं है। उन्होंने कहा कि करीब डेढ़ अरब लोगों में अब यह क्षमता है। मोदी की तारीफ करते हुए पुतिन ने कहा था, ‘पीएम मोदी दुनिया के उन लोगों में शामिल हैं जो अपने देश और अपने लोगों के हित में स्वतंत्र विदेश नीति का पालन करते हैं।’ उन्होंने कहा कि दुनिया में सभी भारत का सम्मान करते हैं।
रूसी राष्ट्रपति ने पीएम मोदी को बताया सच्चा देशभक्त – पीएम मोदी के नेतृत्व में हाल के वर्षों में बहुत कुछ हुआ है। वह अपने देश के एक सच्चे देशभक्त हैं और उनका ‘मेक इन इंडिया’ कॉन्सेप्ट एक महत्वपूर्ण प्रयास है। भारत ने वास्तव में अपने विकास को आगे बढ़ाया है और इसके आगे एक महान भविष्य है। रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि उनके देश का भारत के साथ एक खास रिश्ता है जो दशकों पुराने घनिष्ठ संबंधों की बुनियाद पर खड़ा है।
पुतिन से बोले मोदी- यह युद्ध का युग नहीं – उन्होंने कहा कि रूस का भारत के साथ कभी कोई विवाद नहीं रहा और दोनों देशों ने हमेशा एक-दूसरे का समर्थन किया। समरकंद में सितंबर में पुतिन और पीएम मोदी ने शंघाई सहयोग संगठन सम्मेलन से इतर द्विपक्षीय बैठक की थी। इस दौरान मोदी ने रूसी राष्ट्रपति से यूक्रेन में युद्ध को समाप्त करने का आग्रह किया था। प्रधानमंत्री ने कहा था कि ‘आज का युग युद्ध का नहीं है, पुतिन को बातचीत के रास्ते पर लौटना चाहिए’। इस बयान की पूरी दुनिया में तारीफ हुई थी।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website