Tuesday , March 31 2026 4:09 AM
Home / News / यूपी के भगोड़े गुप्ता ब्रदर्स को UAE ने दी बड़ी राहत, ठुकराई दक्षिण अफ्रीका में प्रत्यर्पण की मांग, सरकार ‘हैरान’

यूपी के भगोड़े गुप्ता ब्रदर्स को UAE ने दी बड़ी राहत, ठुकराई दक्षिण अफ्रीका में प्रत्यर्पण की मांग, सरकार ‘हैरान’


दक्षिण अफ्रीका में मोस्ट वांटेड उत्तर प्रदेश के गुप्ता ब्रदर्स (Gupta Brothers) को बड़ी राहत मिली है। दक्षिण अफ्रीका ने शुक्रवार को कहा कि संयुक्त अरब अमीरात ने धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार के आरोपों में भारतीय मूल के कारोबारी गुप्ता परिवार के दो भाइयों को देश में मुकदमे का सामना करने के लिए प्रत्यर्पित करने के उसके अनुरोध को ठुकरा दिया है। तीन गुप्ता बंधु अजय, अतुल और राजेश सरकारी उद्यमों से अरबों की लूट में कथित भूमिका के लिए दक्षिण अफ्रीका में ‘मोस्ट वांटेड’ हैं। उन पर आरोप है कि उन्होंने ऐसा करने के लिए पूर्व राष्ट्रपति जैकब जुमा से अपनी नजदीकी का इस्तेमाल किया।
दक्षिण अफ्रीका सरकार ने पिछले साल राजेश गुप्ता और अतुल गुप्ता के लिए संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को एक औपचारिक प्रत्यर्पण आवेदन दिया था। पांच साल पहले यह परिवार उस वक्त दुबई भाग गया था जब जुमा के पद छोड़ने से इनकार करने पर उनकी पार्टी अफ्रीकन नेशनल कांग्रेस ने उन्हें हटा दिया था। जुमा के हटने के बाद गुप्ता परिवार पर शिकंजा कसना शुरू हुआ था। मामले में यूएई का जवाब दक्षिण अफ्रीका सरकार के लिए बड़ा झटका है।
दक्षिण अफ्रीका सरकार ‘हैरान और निराश’ – कानून मंत्री रोनाल्ड लमोला का कहना है कि यूएई के अनुरोध को अस्वीकार करने से उनकी सरकार ‘हैरान और निराश’ है। लमोला ने कहा कि उन्हें इस फैसले के बारे में तब पता चला जब उनके कार्यालय ने स्थानीय यूएई दूतावास से इस बारे में पूछताछ की। गुप्ता ब्रदर्स यूपी के सहारनपुर के रहने वाले हैं। 1993 में ये दक्षिण अफ्रीका गए थे। वहां उन्होंने खनन से लेकर गाड़ियों का व्यापार किया। धीरे-धीरे गुप्ता बंधुओं का साम्राज्य बढ़ता चला गया और एक समय पर वे दक्षिण अफ्रीका के सबसे ताकतवर लोगों में गिने जाने लगे।