Wednesday , November 18 2026 1:11 PM
Home / News / कुछ दिनों की सख्ती से नहीं सुधरेगी दिल्ली-NCR की हवा, GRAP के दायरे से बाहर निकलता प्रदूषण

कुछ दिनों की सख्ती से नहीं सुधरेगी दिल्ली-NCR की हवा, GRAP के दायरे से बाहर निकलता प्रदूषण


दिल्ली-एनसीआर में हर साल सर्दियां आने से पहले ही हवा जहरीली होने लगती है। बावजूद इसके प्रदूषण के लिए दिवाली के पटाखों और पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने को ही मुख्य तौर पर जिम्मेदार माना जाता है। हालांकि सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (CSE) की रिपोर्ट इस धारणा को गलत बताती है। इसके मुताबिक, प्रदूषण की असल वजह सालभर चलने वाली गतिविधियां हैं। इनमें वाहनों से निकलने वाला धुआं, उद्योग, कचरा जलाना और निर्माण कार्य शामिल हैं। इनसे हवा पहले ही प्रदूषित रहती है। सर्दियों में तापमान गिरने और हवा की रफ्तार कम होने से प्रदूषण और बढ़ जाता है।
जल्दी बढ़ा प्रदूषण: इस साल दिल्ली में प्रदूषण पिछले कुछ बरसों के मुकाबले जल्दी बढ़ा और ज्यादा समय तक बरकरार रहा। दिवाली से पहले वाले हफ्ते में पीएम2.5 का औसत स्तर 236 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा, जो पिछले तीन साल में सबसे ज्यादा था। यह 2025 के मुकाबले 97% और 2024 के मुकाबले 32% अधिक था। इसने बता दिया कि पराली जलाने और पटाखों का असर शुरू होने से पहले ही दिल्ली की हवा जहरीली हो चुकी थी।
एकमात्र कारण नहीं: पराली जलाने के आंकड़े भी तस्दीक देते हैं कि प्रदूषण की अकेली वजह यह नहीं है। अक्टूबर के आखिर में पीएम2.5 में पराली के धुएं की हिस्सेदारी 3.9% थी, जो 1 नवंबर को 11.5% और 4 नवंबर को 16.2% हो गई। 6 नवंबर को ग्रेडेड रिस्पॉन्स ऐक्शन प्लान-3 (GRAP-3) लागू होने के समय यह 8% रह गई। इसके बावजूद दिल्ली का AQI 382 तक पहुंच गया। यानी पराली का धुआं कम होने पर भी प्रदूषण गंभीर बना रहा।
प्रदूषण का कारण: IITM के आंकड़े बताते हैं कि 1 से 8 नवंबर के बीच दिल्ली के PM2.5 प्रदूषण का 54.43% हिस्सा आसपास के एनसीआर जिलों से आया, जबकि 33.06% प्रदूषण का कारण स्थानीय स्रोत थे। पराली के धुएं की हिस्सेदारी 14.29% रही। दिल्ली के स्थानीय प्रदूषण में वाहनों की हिस्सेदारी 52% थी। ‘इसके अलावा, स्थानीय प्रदूषण में घरों की हिस्सेदारी 13%, उद्योगों की 11%, निर्माण कार्यों की 7% और कचरा जलाने की 5% रही।
NO2 भी कारण: वाहनों से निकलने वाला धुआं नाइट्रोजन डाइऑक्साइड (NO2) जैसी जहरीली गैस भी फैलाता है। इसके स्तर से वाहन प्रदूषण का अंदाजा लगाया जा सकता है। दोपहर में सड़कों पर वाहन कम होने से इसका स्तर घटता है, जबकि सुबह और शाम दफ्तर आने-जाने के समय यह तेजी से बढ़ता है। रात में सड़कें खाली होने के बावजूद यह गैस हवा में बनी रहती है, क्योंकि हवा की कम रफ्तार के कारण यह बाहर नहीं निकल पाती।