Tuesday , September 8 2026 10:35 PM
Home / Entertainment / Bollywood / ‘आशिकी’ हीरो राहुल रॉय शादियों में डांस कर चला रहे अपना घर, एक्टर बोले- जो मेरी आलोचना करते वे नहीं जानते हालत

‘आशिकी’ हीरो राहुल रॉय शादियों में डांस कर चला रहे अपना घर, एक्टर बोले- जो मेरी आलोचना करते वे नहीं जानते हालत


महेश भट्ट के निर्देशन में बनी 90 के दशक की रोमांटिक म्यूजिकल फिल्म ‘आशिकी’ से रातों-रात स्टार बने राहुल रॉल की जिंदगी में अचानक तूफान आया और जैसे सबकुछ एक ही झटके में बहाकर ले गया। ‘आशिकी’ की बम्पर सफलता के बाद एक्टर का फिल्मी सफर वैसा नहीं चल पाया और आगे की कई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रहीं। वहीं उन्होंने रिएलिटी शो ‘बिग बॉस 1’ जीतकर एक बार फिर सुर्खियां बटोरीं। वक्त के साथ एक्टर राहुल रॉय को भारी आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आलम ये रहा कि उन्हें घर चलाने के लिए शादियों तक में जाकर परफॉर्म करना पड़ा है।
करीब 36 साल पहले आई ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘आशिकी’ के साथ ही लाखों करोड़ों दिलों की धड़कन बन चुके राहुल रॉय जहां एक तरफ लंबे समय तक स्ट्रोक से पीड़ित रहे वहीं वह अपने भाई से जुड़े एक लंबे समय से चल रहे कानूनी मामले का सामना कर रहे हैं। राहुल रॉय ने 2020 में हुए ब्रेन स्ट्रोक के बाद अपने करियर और आर्थिक स्थिति को फिर से संवारने के बारे में खुलकर बात की है।
शादियों में परफॉर्मेंस करने की वजह से कई बार लोग उनकी आलोचना करते – 60 वर्षीय एक्टर राहुल रॉय का कहना है कि स्ट्रोक के बाद हेल्थ इशूज की वजह से काम ढूंढना मुश्किल था और खुद का गुजारा करने के लिए उन्हें कई अलग-अलग तरह के काम करने पड़े हैं। उन्होंने बताया कि वो अपने गुजारा के लिए शादियों में परफॉर्म भी करते हैं। उन्होंने इस बारे में और बताते हुए कहा कि शादी समारोहों में डांस करने से उन्हें कई बार 2 लाख से 4 लाख रुपये तक मिल जाते हैं। राहल रॉय ने ये भी कहा कि शादियों में परफॉर्मेंस करने की वजह से कई बार लोग उनकी आलोचना भी करते हैं लेकिन इस वजह से उन्हें परफॉर्मेंस में कोई हिचक नहीं होती।
ऑनलाइन उनका मजाक उड़ाने वाले लोग नहीं समझते उनकी तकलीफें – एक्टर ने अपनी जिंदगी को लेकर टीओआई से बात करते हुए प्राइवेट इवेंट में परफॉर्म करने को लेकर होने वाली आलोचनाओं पर जवाब दिया। एक्टर ने कहा कि ऑनलाइन उनका मजाक उड़ाने वाले लोग इसमें लगने वाली मेहनत और पिछले कुछ सालों में जो उन्होंने आर्थिक तंगियां झेली हैं वो उसे नहीं समझते।
‘कभी-कभी शादियों में नाचकर मैं 2 लाख या 4 लाख रुपये कमा लेता हूं’ -उन्होंने कहा, ‘मेरे खर्चे हैं और मुझे पैसों की जरूरत है। साल 2020 में ब्रेन स्ट्रोक के बाद काम मिलना मुश्किल हो गया था। तब से पांच साल गुजर चुके हैं और मैं किसी तरह से अपना खर्च चलाने की कोशिश कर रहा हूं। कभी-कभी शादियों में नाचकर मैं 2 लाख या 4 लाख रुपये कमा लेता हूं। जो लोग मुझे ट्रोल करते हैं, उन्हें नहीं पता कि यह कितनी मेहनत का काम है। मुझे भी अपनी रोजी-रोटी कमानी पड़ती है।’
‘पिछले पांच साल मेरे लिए एक तरह से आराम के समान रहे, कोई काम नहीं था’ – बता दें कि स्ट्रोक की वजह से उनका करियर पूरी तरह से ठप्प पड़ गया था और इसी के साथ लंबे समय तक रिकवरी के लिए लड़ते रहे। राहुल अब शूटिंग सेट पर वापस लौटने लगे हैं और उन्हें उम्मीद है कि धीरे-धीरे उन्हें काम मिलने लगेंगे। उन्होंने कहा, ‘पिछले पांच साल मेरे लिए एक तरह से आराम के समान रहे क्योंकि मैं ठीक हो रहा था। कोई काम नहीं था। अगर ऐसा न होता तो मैं और भी बहुत कुछ कर चुका होता लेकिन अब मुझे कुछ काम मिल रहा है और मैं और भी बहुत कुछ करना चाहता हूं। सेट पर वापस आकर और कैमरे का सामना करके मुझे बहुत खुशी हुई। मैं उन सभी लोगों का आभारी हूं जिन्होंने मुझ पर भरोसा किया है। फिल्मों में अपने 37 साल के सफर में, मुझे लगता है कि मैंने कुछ अच्छा काम किया है और अब मैं और भी काम करने के लिए उत्सुक हूं।’