Sunday , April 26 2026 4:28 AM
Home / News / उड़ान भर रहे प्लेन के सामने अचानक दूसरा प्लेन लेकर आ गए अमेरिकी एक्टर हैरिसन फोर्ड, मामले की जांच शुरू

उड़ान भर रहे प्लेन के सामने अचानक दूसरा प्लेन लेकर आ गए अमेरिकी एक्टर हैरिसन फोर्ड, मामले की जांच शुरू


लॉस एंजिल्स एयरफोर्ट पर एक हादसा होते-होते टल गया। दरअसल, यहां एक प्लेन उड़ान (टेक ऑफ) भर रहा था, तभी हॉलीवुड एक्टर हैरिसन फोर्ड एक प्लेन लेकर रनवे क्रॉस कर गए। हालांकि, इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई मगर अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना बीते शुक्रवार की है।

‘इंडियाना जोन्स’ और ‘स्टार वार्स’ के 77 वर्षीय स्टार हैरिसन ने हवाई यातायात निर्देश का उल्लंघन किया। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ने न्यूज एजेंसी एएफपी को बताया कि शुक्रवार को एक एयरक्राफ्ट उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था, तभी एक एविएट हस्की एयरक्राफ्ट ने रनवे क्रॉस कर दिया। हम इसकी जांच कर रहे हैं। घटना के वक्त दोनों प्लेन के बीच में 3600 फीट की दूरी थी।

फोर्ड ने कहा- माफ कीजिए, मैंने बिल्कुल उलट सोचा है

अधिकारियों के मुताबिक, इस दौरान हैरिसन से अपना प्लेन रोकने को कहा गया था, लेकिन इसके बावजूद भी वे रनवे क्रॉस कर गए। एक ऑडियो रिकॉर्डिंग में फोर्ड को सुना जा सकता है। उन्होंने कहा, ‘‘माफ कीजिए सर, मैंने इसके बिल्कुल उलट सोचा। मुझे बहुत ज्यादा अफसोस है।’’

पहले भी कर चुके हैं गलतियां
फोर्ड की गलती से 2017 में सदर्न कैलिफोर्निया एयरपोर्ट पर ऐसा ही हादसा होते बचा था। इस दौरान उनके खिलाफ कोई जांच नहीं की गई थी। उन्होंने रनवे के निकट टैक्सीवे पर प्लेन उतार दिया था। बगल से ही 110 यात्रियों को लेकर बोइंग 737 प्लेन गुजर रहा था। अगर कोई हादसा होता तो दिक्कत हो सकती थी। इससे दो साल पहले 2015 में फोर्ड के साथ एक और हादसा हुआ था। फोर्ड वर्ल्ड वॉर-2 का एक विंटेज प्लेन उड़ा रहे थे। इंजन में खराबी आने के कारण उन्होंने गोल्फ के मैदान में आपात लैंडिंग की थी। इस दौरान प्लेन एक पेड़ को टक्कर मारते हुए रुक गया और फोर्ड की कई हडि्डयां टूट गईं थीं।

बचपन से प्लेन उड़ाने का शौक
फोर्ड ने कॉलेज के दौरान ही फ्लाइंग की क्लास लेनी शुरू की थी। पैसों की कमी की वजह से पूरा नहीं कर पाए थे। फिल्म स्टार बनने के बाद वह फिर से इस फील्ड में आए। अब फोर्ड कई टू-शीटर एयरक्राफ्ट और कार्पोरेट जेट्स के मालिक हैं। फोर्ड के प्रतिनिधि ने एएफपी को बताया कि लॉस एंजिल्स में हुई घटना में टक्कर का कोई भी खतरा नहीं था।