Sunday , October 11 2026 2:35 PM
Home / Uncategorized / बेजुबानों के लिए अनंत अंबानी का बड़ा कदम, देशभर की 50+ Animal Welfare संस्थाओं को एक मंच पर लाए

बेजुबानों के लिए अनंत अंबानी का बड़ा कदम, देशभर की 50+ Animal Welfare संस्थाओं को एक मंच पर लाए


विश्व पशु दिवस यानी World Animal Day पर अनंत अंबानी ने बड़ी पहल की है। वनतारा के चैंपियंस ऑफ केयर (Champions of Care) अभियान की शुरुआत की। इस पहल के तहत देशभर की 50 से ज्यादा पशु कल्याण संस्थाओं को जोड़ा गया है। इसका उद्देश्य जानवरों के लिए पशु चिकित्सा सेवाएं, रेस्क्यू, शेल्टर और सुविधाओं को मजबूत करना है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक अनंत एम. अंबानी ने विश्व पशु दिवस के मौके पर चैंपियंस ऑफ केयर ( Champions of Care ) पहल की शुरुआत की। वनतारा की इस पहल का लक्ष्य देश में सामुदायिक पशु कल्याण व्यवस्था को मजबूत करना और पशुओं की देखभाल में जुटे संगठनों को सहयोग देना है।
इस राष्ट्रीय अभियान के तहत भारत के अलग-अलग हिस्सों में काम कर रहे 50 से ज्यादा पशु कल्याण संगठनों को एक साथ जोड़ा गया है। ये संगठन छोटे-बड़े पशुओं की देखभाल के अलावा पशु चिकित्सा अस्पताल, रेस्क्यू और वेटरनरी सेवाओं और लंबे समय तक देखभाल जैसी सुविधाओं से जुड़े हैं।
गुजरात के जामनगर स्थित वनतारा में आयोजित इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में एक फ्रेमवर्क तैयार किया गया है। इस पहल के माध्यम से हर साल करीब 20 लाख पशुओं तक सहायता पहुंचने का अनुमान है।
यह पहल सामुदायिक पशुओं ( Community Animals ) की जरूरतों को पूरा करने के लिए है। इनमें कुत्ते, बिल्लियां, छोड़े हुए जानवर, घोड़े और अन्य काम करने वाले जानवर शामिल हैं। इसके तहत पशु चिकित्सा देखभाल, बचाव अभियान, रहने की सुविधाएं और प्रबंधन कार्यक्रमों के लिए सहायता दी जाएगी। इस पहल की शुरुआत पर अनंत अंबानी ने देशभर में जमीनी स्तर पर काम करने वाले उन देखभाल करने वाले लोगों के समर्पण के बारे में बताया, जो लगातार जानवरों की देखभाल में जुटे रहते हैं।
अनंत अंबानी ने कहा कि ‘हर दिन अनगिनत लोग जरूरतमंद जानवरों की चुपचाप देखभाल करते हैं। उनके पास अक्सर सीमित संसाधन होते हैं और उन्हें बहुत कम पहचान मिलती है, लेकिन उनमें करुणा होती है। उनका काम हमें याद दिलाता है कि दयालुता की कोई सीमा नहीं होती और हर जीवन देखभाल, सुरक्षा और सम्मान का हकदार है।’ Champions of Care से हम इस काम के साथ खड़े होने, जानवरों के लिए देखभाल को मजबूत करने और संवेदनशील भारत बनाने में मदद करने की उम्मीद करते हैं। हमारे लिए यही ‘Every Life Matters’ का वास्तविक अर्थ है।’
भारतीय पशु कल्याण बोर्ड (AWBI) के 8 सदस्यों ने भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। AWBI के पूर्व Chairman और वर्तमान सदस्य SP गुप्ता ने इस देशव्यापी अभियान के पीछे की सोच और नेतृत्व की सराहना की। गुप्ता ने कहा कि ‘उन्होंने दुनिया के कई हिस्सों की यात्रा की है लेकिन बहुत कम ऐसे पशु देखभाल केंद्र देखे हैं, जहां पशुओं के लिए इतनी अच्छी सुविधाएं और तकनीकें उपलब्ध हों। वनतारा में पशुओं की देखभाल का स्तर उस व्यवस्था के करीब है, जैसी इंसानों के लिए उपलब्ध कराई जाती है।
अनंत अंबानी ने खुद संगठनों की बातें सुनीं, उनकी चुनौतियों को समझा और समाधानों के साथ उनका जवाब देने का प्रयास किया। उनके अनुसार, इन संगठनों को एक मंच पर लाने से उनके समर्पण को पहचान मिलने के साथ-साथ पशुओं की देखभाल करने की सामूहिक क्षमता भी मजबूत होगी।’
कार्यक्रम में शामिल प्रतिनिधियों को पशु देखभाल के मानकों को करीब से समझने का अवसर मिला। प्रतिनिधियों ने वनतारा में बचाए गए हाथियों और बड़ी बिल्लियों के लिए विशेष सुविधाओं का दौरा किया। उन्होंने बाइसन, जेब्रा और खुले वातावरण में रहने वाले अन्य पशुओं के लिए तैयार प्राकृतिक परिवेश (Natural Surroundings) भी देखा। इसका उद्देश्य यह दिखाना था कि पशुओं की देखभाल से जुड़े इन मानकों को सामुदायिक पशु कल्याण को बेहतर बनाने में किस तरह लागू किया जा सकता है।
कार्यक्रम में गैर-सरकारी संगठनों के बीच बात, आपसी जुड़ाव और मिलकर समस्याओं के समाधान पर भी चर्चा हुई। वनतारा और इसमें शामिल सभी संगठनों के बीच एक समझौता पत्र (MoU) भी साइन किया गया है। इस व्यवस्था में जरूरतों के अनुसार सहयोग का ढांचा तैयार किया गया है। अंत में हर सहभागी संगठन को अनंत अंबानी के साइन वाला प्रशंसा प्रमाण पत्र (Certificate of Appreciation) भी दिया गया। यह पशु संरक्षण के लिए उनके लगातार किए जा रहे कार्यों के प्रति सम्मान था।
यह पहल केवल तुरंत सहायता देने के बजाय संगठनों की लंबे समय तक काम करने की क्षमता और मजबूती बढ़ाने पर भी ध्यान देती है। वनतारा सहयोगी संगठनों की ओर से बताई गई जरूरतों के अनुसार सहायता उपलब्ध कराएगा। इसमें पशु चिकित्सा सेवाएं, एंबुलेंस, बचाव कार्यों के उपकरण, जांच और उपचार से जुड़े उपकरण शामिल हैं।