Wednesday , November 18 2026 6:52 AM
Home / News / बालेन शाह दिल्ली के अलावा कहीं और जाने के लिए नहीं हुए तैयार, सिर्फ 25 घंटे भारत में रहेंगे

बालेन शाह दिल्ली के अलावा कहीं और जाने के लिए नहीं हुए तैयार, सिर्फ 25 घंटे भारत में रहेंगे


बालेन शाह की यात्रा को पहले तीन दिनों के लिए प्लान किया जा रहा था लेकिन नेपाली प्रधानमंत्री दिल्ली के अलावा किसी और शहर जैसे बेंगलुरू या अहमदाबाद की यात्रा के लिए तैयार नहीं हुए। वो सिर्फ 25 घंटे ही दिल्ली में रहेंगे। वो 23 नवंबर को वापस चले जाएंगे।
22 नवंबर को दिल्ली आएंगे बालेन शाह – नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह 22 नवंबर को करीब 25 घंटों के लिए भारत दौरे पर आ रहे हैं। ये अपने आप में एक दुर्लभ मामला है क्योंकि नेपाल के प्रधानमंत्रियों का राजकीय दौरा 3 से 5 दिनों का चलता है। लेकिन बालेन शाह 23 नवंबर को दोपहर 3 बजे के आसपास वापस नेपाल चले जाएंगे। बालेन शाह सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी से मिलने के लिए दिल्ली नहीं आना चाहते थे बल्कि उन्होंने कई महीने पहले ही दिल्ली दौरे के लिए कई शर्तें रख दी थी।
बालेन शाह नेपाल का प्रधानमंत्री बनने के बाद अपने पहले विदेशी दौरे पर भारत आ रहे हैं। उनका दौरा दो दिनों का होगा लेकिन वो सिर्फ 25 घंटे ही दिल्ली में रूकने वाले हैं। वो 22 नवंबर को नई दिल्ली आएंगे और 23 नवंबर को वापस चले जाएंगे। इस दौरान वो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे।
हवाई कनेक्टिविटी पर नेपाल का है फोकस – भारत से एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने की नेपाल की बहुत पुरानी मांग रही है और बालेन शाह के दौरे में भी ये एक बड़ा एजेंडा होगा। भैरहवा, नेपालगंज, महेंद्रनगर और जनकपुर के रास्ते नेपाल नये हवाई रास्ते चाहता है ताकि नेपाल आने जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय विमानों की यात्रा आसान हो सके। नेपाली अधिकारियों को उम्मीद है कि भारत सकारात्मक रूख अपनाएगा। काठमांडू पोस्ट की एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत रक्सौल में एक हवाई अड्डा बना रहा है और भारतीय अधिकारियों ने नेपाली एयरस्पेस की इजाजत मांगी थी जिसे नेपाल ने ठुकरा दिया है और तकनीकी जानकारियां देने को कहा है। हालांकि बागडोगरा में भारत को एयरस्पेस के इस्तेमाल की इजाजत दी गई है। नेपाल का कहना है कि यहां भारत कम एयरस्पेस का ही इस्तेमाल करेगा। बागडोगरा हवाई अड्डे से उड़ने वाली फ्लाइट्स के लिए नेपाल अपना एयरस्पेस देने के लिए तैयार है लेकिन रक्सौल के लिए वो मना कर रहा है।