Sunday , April 26 2026 7:19 PM
Home / News / ताइवान को लेकर अमेरिका पर फिर भड़का चीन, कहा- हदों के अंदर रहे बाइडन प्रशासन

ताइवान को लेकर अमेरिका पर फिर भड़का चीन, कहा- हदों के अंदर रहे बाइडन प्रशासन


चीन ने ताइवान को लेकर एक बार फिर अमेरिका को जमकर खरी-खोंटी सुनाई है। चीन ने कहा है कि अमेरिका के जो बाइडन प्रशासन को अपनी हदों के अंदर रहना चाहिए। चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने रविवार को अमेरिका के बाइडन प्रशासन को चेतावनी दी कि वह पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ताइवान का समर्थन करने के खतरनाक चलन को वापस लें। उन्होंने कहा कि ताइवान पर चीन का दावा उल्लंघन न करने योग्य लाल लकीर है।
ताइवान का खुला समर्थन करता है अमेरिका : अमेरिका का वैसे तो ताइवान की लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित सरकार के साथ आधिकारिक संबंध नहीं है, लेकिन वह सैन्य और राजनीतिक मामलों में इस द्वीपीय देश का खुला समर्थन करता है। ट्रंप ने भी अपने कार्यकाल के दौरान ताइवान के साथ अरबों डॉलर की कई खतरनाक मिसाइलें और लड़ाकू विमानों की डील की थी। ट्रंप ने अपने कैबिनेट के कई वरिष्ठ नेताओं को ताइवान दौरे पर भेजा था, जिससे चिढ़ते हुए चीन ने लड़ाकू विमानों को ताइवान के ऊपर उड़ाया था।
चीनी कम्युनिस्ट पार्टी दे चुकी है हमले की चेतावनी : चीनी विदेश मंत्री वांग ने कहा कि ताईवान मुद्दे पर चीन सरकार के सामने समझौते या रियायत की कोई गुजाइंश नहीं है। हम नये अमेरिकी प्रशासन से ताइवान मुद्दे से जुड़ी गंभीर संवेदनशीलता को पूरी तरह समझने की अपील करते हैं। वैसे तो वांग ने इस संबंध में कोई संकेत नहीं दिया कि अमेरिका यदि अपना रूख नहीं बदलता है तो चीन क्या कर सकता है, लेकिन सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि ताइवान औपचारिक स्वतंत्रता की घोषणा करता है या मुख्य भूमि से जुड़ने की वार्ता में देरी करता है तो चीन उस पर आक्रमण कर सकता है।
चीन का दावा- स्वतंत्रता का ऐलान कर सकता है ताइवान : चीन का मानना है कि ताइवान की लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकार औपचारिक स्वतंत्रता की घोषणा की ओर बढ़ रही है। हालांकि, राष्ट्रपति त्साई इंग-वेन पहले से ही कहती आ रही हैं कि ताइवान पहले से ही एक स्वतंत्र देश हैं, जिसे चीन गणराज्य (Republic of China) कहा जाता है। उधर चीनी रक्षा मंत्रालय ने फिर कहा कि ताइवान चीन का एक अविभाज्य अंग है।