
दुनियाभर में कोरोना ने तबाही मचाई हुई है। कई देशों के वैज्ञानिक लगातार कोरोना की वैक्सीन बनाने में जुटे हुए हैं। कुछ वैक्सीन का ह्यूमन ट्रायल भी चल रही है लेकिन अभी किसी भी वैक्सीन को पूरी तरह से मंजूरी नहीं मिली है। वैक्सीन बनने से पहले ही उसे खरीदने की आपाधापी शुरू हो चुकी है। इस बीच ब्रिटेन ने Sanofi और GlaxoSmithKline से कोविड वैक्सीन की 6 करोड़ डोज की डील की है।
आपको बता दें कि GlaxoSmithKline (GSK) ब्रिटेन की और Sanofi फ्रांस की कंपनी है। दोनों ही दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीन निर्माताओं में शुमार हैं। ध्यान रहे कि सनोफी और GSK ने पहली बार किसी देश के साथ अपने अंडर ट्रायल वैक्सीन को बेचने की डील की है।
ब्रिटेन 9 करोड़ वैक्सीन डोज की डील पहले ही कर चुका है
इससे पहले ब्रिटेन ने अग्रणी मेडिसिन और वैक्सीन कंपनियों- फाइजर, बायोएनटेक और वलनेवा के साथ महत्वपूर्ण डील की है। ये कंपनियां कोरोना वायरस के उपचार के लिए वैक्सीन तैयार कर रही हैं। इनके साथ ब्रिटेन ने कोविड वैक्सीन के 9 करोड़ डोज की डील की हुई है। ब्रिटेन ने फाइजर और बॉयोएनटेक से वैक्सीन की 3 करोड़ डोज और फ्रांस की कंपनी वलनेवा से 6 करोड़ वैक्सीन डोज खरीदने का डील किया है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website