
फ्रांस के संसदीय चुनावों के लिए रविवार को पहले चरण में 40 सालों में सबसे ज्यादा मतदान हुआ है। सभी एग्जिट पोल ने फ्रांस की धुर-दक्षिणपंथी और मुस्लिम विरोधी पार्टी नेशनल रैली की जीत का अनुमान लगाया है। इस बीच नेशनल रैली के खिलाफ फ्रांस के शहरों में प्रदर्शन शुरू हुए हैं।
फ्रांस के संसदीय चुनाव के पहले दौर में रविवार को भारी मतदान के बाद अनुमान जताया गया है कि द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद पहली बार देश की बागडोर धुर-दक्षिणपंथी ताकतों के हाथ में जा सकती है। एग्जिट पोल के अनुसार, फ्रांस की दक्षिणपंथी नेशनल रैली (RN) पार्टी ने संसदीय चुनावों के पहले दौर में भारी बढ़त हासिल की है। इस बीच नेशनल रैली को सत्ता से दूर रखने के लिए प्रतिद्वंद्वी पार्टियों के बीच बातचीत शुरू हो गई है, जबकि फ्रांस के प्रमुख शहरों में प्रदर्शनकारियों ने विरोध प्रदर्शन के लिए जुटे हैं। दक्षिणपंथी नेशनल रैली के विरोध में फ्रांस की फेमिनिस्टों ने एफिल टॉवर के सामने टॉपलेस होकर प्रदर्शन किया है।
एग्जिट पोल में ले पेन की पार्टी आगे – एग्जिट पोल करने वाली एजेंसियों आईएफओपी, इप्सोस, ओपिनियनवे और एलाबे ने अनुमान लगाया है कि मरीन ले पेन की नेशनल रैली 34 फीसदी वोट के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनने जा रही है। वामपंथी न्यू पॉपुलर फ्रंट (NFP) को लगभग 29 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान लगाया गया है। राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की मध्यमार्गी एनसेंबल एलायंस तीसरे नंबर पर है और उसे लगभग 20.3 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है।
मुस्लिम विरोधी मानी जाती है नेशनल रैली – पिछले महीने हुए यूरोपीय संसद के चुनाव में दक्षिणपंथी पार्टियों को बड़ी सफलता मिली थी। इसमें फ्रांस की नेशनल रैली भी शामिल थी। नेशनल रैली से मिली करारी शिकस्त के बाद मैक्रों ने फ्रांस में मध्यावधि चुनाव की घोषणा की थी। ‘नेशनल रैली’ का नस्लवाद और यहूदी-विरोधी भावना से पुराना संबंध है और यह फ्रांस के मुस्लिम समुदाय की विरोधी मानी जाती है। मरीन ले पेन की ‘नेशनल रैली’ पार्टी ने आव्रजन विरोधी असंतोष को चुनाव में भुनाया है और सोशल मीडिया के मंचों के माध्यम से इसे हवा दी है।
Home / News / फ्रांस में मुस्लिम विरोधी पार्टी की बढ़त पर भड़कीं फेमिनिस्ट, एफिल टॉवर के सामने किया टॉपलेस प्रदर्शन
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website