Sunday , April 26 2026 5:08 PM
Home / News / फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों को भारत का समर्थन, पर्सनल अटैक की कड़ी निंदा, #India Stands With France हुआ ट्रेंड

फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों को भारत का समर्थन, पर्सनल अटैक की कड़ी निंदा, #India Stands With France हुआ ट्रेंड


भारत ने इस्लामी चरमपंथ पर फ्रांस के राष्ट्रपति इम्मैन्युअल मैक्रों के कड़े रुख के बाद उन पर हुए पर्सनल अटैक की कड़ी निंदा की। भारत ने फ्रांस को खुला समर्थन देते हुए मैक्रों के खिलाफ पर्सनल अटैक को अंतरराष्ट्रीय विमर्श के सबसे बुनियादी मानकों का उल्लंघन बताया। भारत से मिले समर्थन पर फ्रांस ने भी आभार जताते हुए कहा कि दोनों देश आतंकवाद की लड़ाई में एक-दूसरे पर भरोसा कर सकते हैं। इस बीच ट्विटर पर #India Stands With France ट्रेंड हो रहा है।
विदेश मंत्रालय ने कड़े शब्दों में जारी एक बयान में बर्बर आतंकवादी हमले की भी निंदा की, जिसमें फ्रांस के एक शिक्षक की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। मंत्रालय ने कहा कि आतंकवाद को किसी भी वजह से और किसी भी परिस्थिति में सही नहीं ठहराया जा सकता। बयान में कहा गया है, ‘हम राष्ट्रपति इम्मैन्युअल मैक्रों पर अस्वीकार्य भाषा में किए गए व्यक्तिगत हमलों की कड़ी निंदा करते हैं। यह अंतरराष्ट्रीय विमर्श के सबसे बुनियादी मानकों का उल्लंघन है।’
फ्रांसीसी टीचर की हत्या की निंदा
मंत्रालय ने बयान में कहा, ‘हम बर्बर आतंकवादी हमले में फ्रांस के एक शिक्षक की निर्ममता से हत्या किए जाने की भी निंदा करते हैं, जिसने पूरे विश्व को स्तब्ध कर दिया। हम उनके परिवार और फ्रांस के लोगों के प्रति संवेदना प्रकट करते हैं।’ विदेश मंत्रालय के बयान के बाद भारत में फ्रांस के राजदूत इम्मैन्युअल लिनेन ने ट्वीट कर भारत का आभार जताया और कहा कि दोनों देश आतंकवाद के खिलाफ जंग में एक-दूसरे का सहयोग कर सकते हैं।
ईरान मीडिया ने मैक्रों को दिखाया राक्षस
बता दें कि मैक्रों इस्लामी चरमपंथ पर कड़े रुख और पैगंबर मोहम्मद के कार्टूनों का बचाव करने को लेकर मुस्लिम बहुल देशों की आलोचना का सामना कर रहे हैं। ईरान की मीडिया में मैक्रों को राक्षस के रूप में दिखाया गया। उनके भी कार्टून यहां छापे गए हैं जिनमें उनके लंबे कान हैं, पीली आंखें हैं और नुकीले दांत। ईरान के वतन एमरोज में कहा गया है कि मैक्रों ने दुनियाभर के मुस्लिमों को नाराज कर दिया है।
फ्रांसीसी टीचर की हत्या के बाद शुरू हुआ घमासान : बता दें कि 16 अक्टूबर को पेरिस में एक फ्रांसीसी शिक्षक की दिनदहाड़े सिर कलम कर हत्या कर दी गई थी, जो अपने छात्रों को पैगंबर मोहम्मद का कार्टून दिखा रहे थे।