
नितेश तिवारी की ‘रामायणम्’ के VFX की आलोचना हुई, तो इसमें दिखाए गए पुष्पक विमान को सराहा भी गया, जिसे वीएफएक्स की मदद से बनाया गया। हालांकि, इसकी तुलना रामानंद सागर की ‘रामायण’ में दिखाए पुष्पक विमान से भी की गई। जानते हैं रामानंद सागर ने कैसे पुष्पक विमान बनाया था और उड़ाने के लिए क्या जुगाड़ लगाया था? जानिए यहां:
पिछले दिनों जब नितेश तिवारी की ‘रामायणम्’ का टीजर रिलीज हुआ था, तो इसके VFX की खूब आलोचना हुई। कहा गया कि विजुअल्स में गहराई नहीं हैं और वो AI जैसे हैं। यहां तक कि राम के अवतार में रणबीर कपूर में भी इमोशंस लोगों को नजर नहीं आए। महंगे सेट और VFX की खूब आलोचना की गई। पर एक विजुअल ने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया, वह था पुष्पक विमान, जिस पर लंकापति रावण के किरदार में यश की हल्की सी झलक दिखी। इस पुष्पक विमान को बेशक VFX से क्रिएट किया गया, पर यह ध्यान आकर्षित करने में कामयाब रहा। जब भी पुष्पक विमान की बात आती है, तो रामानंद सागर के टीवी सीरियल ‘रामायण’ का जिक्र जरूर होता है। उसमें दिखाए गए पुष्पक विमान की छवि के करीब अभी तक शायद ही कोई पहुंच पाया हो। दिलचस्प बात तो यह है कि रामानंद सागर ने उस पुष्पक विमान के लिए किसी VFX या ग्राफिक्स का इस्तेमाल नहीं किया था, क्योंकि उस वक्त तकनीक ही इतनी उन्नत नहीं थी और बजट भी नहीं था। फिर जानते हैं कि उन्होंने कैसे पुष्पक विमान बनाया था? उसे उड़ाने और शूट के लिए क्या जुगाड़ लगाया था? चलिए बताते हैं:
न CGI ना VFX, रामानंद सागर ने जुगाड़ से बनाया पुष्पक विमान – रामानंद सागर ने एक ऐसे दौर में ऐतिहासिक सीरियल ‘रामायण’ बनाया था, जब न तो CGI का जमाना था और ना ही VFX के मामले में एडवांस्ड तकनीक उपलब्ध थी। तब रामानंद सागर ने युद्ध वाले सीन से लेकर धनुष-बाण और तीर से लेकर कुंभकर्ण के वध और यहां तक कि सीता हरण को भी बड़ी चालाकी और जुगाड़ से शूट किया था। पूरे सीरियल में कहीं भी एक भी ऐसा सीन नहीं रहा, जहां ग्राफिक्स या वीएफएक्स नजर आया हो। प्रेम सागर के और सुनील लहरी ने भी ‘रामायण’ में इस्तेमाल किए गए जुगाड़ और ट्रिक्स के बारे में कई बार बताया था।
आर्ट डिपार्टमेंट ने रावण के व्यक्तित्व के आधार पर बनाए थे स्कैच – ‘रामायण’ में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले सुनील लहरी ने एक बार एक इंटरव्यू में पुष्पक विमान को बनाने और उसे उड़ाने का मजेदार किस्सा शेयर किया था। उन्होंने साल 2022 में ‘टेली टॉक इंडिया’ को दिए इंटरव्यू में बताया था कि पुष्पक विमान का डिजाइन कैसे तैयार और अप्रूव किया गया और फिर उसके साथ किस जुगाड़ से शूट किया गया था। सुनील लहरी बोले थे, ‘पुष्पक विमान दस हजार साल से भारतीय संस्कृति का हिस्सा है और इसे 200-400 साल पुराना माना जाता है। इसके सबूत भी हैं। पुष्पक विमान इमेजनरी था। किसी के दिमाग में कुछ नहीं था कि वो कैसा होगा, कैसा दिखता होगा। फिर आर्ट डिपार्टमेंट ने तीन-चार स्केच बनाए थे, और फिर वो स्केच दिखाए कि कौन सा रावण की पर्सनैलिटी के साथ मैच कर रहा है। पुष्पक विमान ऐसा हो कि देखने पर असली लगे और यही मुख्य मकसद था।’
पुष्पक विमान इमेजनरी था। किसी के दिमाग में कुछ नहीं था कि वो कैसा होगा, कैसा दिखता होगा। फिर आर्ट डिपार्टमेंट ने तीन-चार स्केच बनाए थे, और फिर वो स्केच दिखाए कि कौन सा रावण की पर्सनैलिटी के साथ मैच कर रहा है।
4 फीट की ऊंचाई पर रख ब्लू क्रोमा पर शूट, आउटडोर शूट के साथ मर्ज – सुनील लहरी ने फिर बताया था कि पुष्पक विमान को असल में आसमान में नहीं उड़ाया गया था, बल्कि उसे सिर्फ 4 फीट की ऊंचाई पर रखकर रावण के साथ सीता हरण वाला सीन शूट किया गया था। पुष्पक विमान के साथ ब्लू क्रोमा पर शूट किए गए सीन्स को बाद में आउटडोर शूट किए गए सीन्स के साथ जोड़ा गया था। सुनील लहरी बोले थे, ‘तब फिर एक मॉडल चुना गया और उस पर चार-पांच लोगों से ओपिनियन लिया गया। फिर उस स्केच में डिजाइन किए गए पुष्पक विमान का मॉडल बनाया गया और फिर क्रोमा पर शूट किया गया। पूरा ब्लू स्क्रीन था। पुष्पक विमान को ब्लू स्क्रीन पर चार फीट की ऊंचाई पर लगाकर फिर शूट किया गया। फिर उसे आउटडोर शूट के साथ मर्ज किया गया। आउटडोर के सीक्वेंस जो थे, वो अलग शूट किए गए थे। उन्हें फिर मर्ज करके दिखाया गया कि पुष्पक विमान कैसे उड़कर जाता है।’
पुष्पक विमान को ब्लू स्क्रीन पर चार फीट की ऊंचाई पर लगाकर फिर शूट किया गया। फिर उसे आउटडोर शूट के साथ मर्ज किया गया। आउटडोर के सीक्वेंस जो थे, वो अलग शूट किए गए थे। उन्हें फिर मर्ज करके दिखाया गया कि पुष्पक विमान कैसे उड़कर जाता है।
पुष्पक विमान पर सीता हरण सीन में हुई थी ये दिक्कत – सुनील लहरी ने यह भी बताया था कि सीता हरण वाले सीन में क्यों उन्हें ले जाते हुए न दिखाकर सिर्फ चढ़ाते और उतारते दिखाया गया था। उन्होंने बताया था, ‘चूंकि उस समय पुष्पक विमान की हाइट थोड़ी थी तो रावण द्वारा सीता जी को ले जाने का जो शॉट है, उसमें देखा होगा कि सीता जी को उसमें ले जाते हुए नहीं, बस डालते हुए दिखाया गया क्योंकि उस वक्त थोड़ी दिक्कत थी। बाद में रावण को पुष्पक विमान से उतरते दिखाया गया। लेकिन सीता को साथ लेकर चढ़ाते हुए दिखाना मुश्किल था क्योंकि हाइट कम थी। इसलिए डायरेक्ट शॉट दिखा दिया कि लेकर आए और अब उतर गए।’
Home / Entertainment / Bollywood / ‘रामायण’ में रामानंद सागर ने कैसे उड़ाया था पुष्पक विमान, बनाने और शूट के लिए लगाया था गजब जुगाड़
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website