
सेरम: हाल में इंडोनेशिया के सेरम समुद्री तट पर एक दैत्याकार जीव के शव की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई। एक तरफ लोग जीव का आकार और उसकी बनावट से हैरान थे वहीं दूसरी ओर वैज्ञानिक इस बात का पता लगा रहे थे कि क्या यह किसी ऐसे जीव का शव है जिसे पहले कभी नहीं देखा गया, या मामला कुछ और है? अब एक नई बात सामने आई है। वॉशिंगटन पोस्ट के मुताबिक ओशन कन्सर्वेंसी के चीफ सायंटिस्ट जॉर्ज लेनर्ड का कहना है कि यह विशाल ढांचा दरअसल बलीन व्हेल का सड़ चुका शव है। मौत के बाद शरीर में पैदा होने वाली गैसों की वजह से शव फूल गया। फूलने की वजह से शरीर का आकार व्हेल जैसा नहीं रह गया। शव से कुछ हानिकारक गैसें भी बाहर निकल रही थीं।
सेरम मलूकू आइलैंड ग्रुप का सबसे बड़ा आइलैंड है। यह बलीन व्हेल के माइग्रेशन रूट के नजदीक है। यानी संभव है कि इसके नजदीक यह व्हेल रही हो और बहते हुए किनारे आ गई हो। विज्ञान संबंधी जानकारी देने वाले लाइव सायंस के मुताबिक, सामान्यत: व्हेल्स समुद्र के काफी नीचे रहती हैं। इसके पब्लिकेशन में बताया गया कि इस व्हेल में एक बैक्टीरियल इन्फेक्शन था जिसकी वजह से कई गैसें उत्पन्न हुई जो उसकी मौत का कारण बनी या गर्मी के चलते गैसें इकट्ठा हो गई जिसने उसके शरीर को काफी ज्यादा बढ़ा दिया। यह भी हो सकता है कि किसी समुद्री जहाज से कटने की वजह से व्हेल की मौत हुई हो।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website