Monday , July 13 2026 9:24 AM
Home / News / होर्मुज के लिए ईरान वसूलेगा सर्विस फीस, अमेरिका से डील पर अराघची का बड़ा बयान, कहा- हिजबुल्लाह को नहीं भूलेंगे

होर्मुज के लिए ईरान वसूलेगा सर्विस फीस, अमेरिका से डील पर अराघची का बड़ा बयान, कहा- हिजबुल्लाह को नहीं भूलेंगे


अमेरिका और ईरान के बीच समझौते के अंतिम चरण में पहुंचने की खबरों के बीच ईरानी विदेश मंत्री ने होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर बड़ा बयान दिया है। विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरान का दबाव अनिश्चितकाल के लिए बना रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर ईरानी सशस्त्र बल यहां दखल देंगे। ईरान की अर्ध-सरकारी तस्नीम न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, अराघची ने कहा कि होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों से शुल्क वसूलना चल रही बातचीत का हिस्सा है।
होर्मुज पर टोल की जगह सर्विस फीस – तस्नीम न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, अराघची ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत होर्मुज जलडमरूमध्य पर ट्रांजिट टोल लगाना संभव नहीं है, लेकिन ईरान सर्विस फीस ले रहा है। यह मामला चल रही बातचीत का हिस्सा है। अराघची का बयान ट्रंप के उन दावों के उलट है जिसमें उन्होंने कहा है कि डील के बाद होर्मुज स्ट्रेट सभी के लिए खोल दिया जाएगा और यहां कोई शुल्क नहीं लगेगा।
अमेरिका के साथ डील में लेबनान भी शामिल – अराघची ने यह भी बताया कि अमेरिका के साथ समझौते पर कुछ ही दिनों में हस्ताक्षर किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष किसी समझौते पर पहले से कहीं ज्यादा करीब हैं। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि ईरान और अमेरिका के बीच होने वाले समझौते को इजरायल की तरफ से नाकाम करने की कोशिश की जा रही है। ईरान के सरकारी टीवी पर अराघची ने कहा कि अमेरिका के साथ होने वाली डील में लेबनान में युद्धविराम भी शामिल है।
दो चरणों में समझौता
ईरानी विदेश मंत्री ने बताया कि इस समझौते में 14 धाराएं हैं।
पहले चरण में ईरान और लेबनान में युद्ध को खत्म किया जाएगा।
तेहरान और वॉशिंगटन एक-दूसरे के आंतरिक मामलों में दखल नहीं देंगे।
परमाणु मुद्दे पर दूसरे चरण में बातचीत होगी, जो 60 दिनों तक चलेगी।
हम किसी भी समझौते में लेबनान के हिजबुल्लाह को नहीं भूलेंगे। इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान हिजबुल्लाह को कभी अकेला नहीं छोड़ेगा।
अब्बास अराघची, ईरानी विदेश मंत्री – अराघची ने यह भी कहा कि समझौते को लेकर ड्राफ्ट अभी सामने आ रहे हैं, उनमें से किसी की भी ईरान ने पुष्टि नहीं की है। इससे पहले व्हाइट हाउस में ट्रंप ने कहा कि बातचीत आखिरी चरण में पहुंच गई है और हफ्तों की लड़ाई के बाद एक बड़ी डिप्लोमैटिक कामयाबी के लिए डॉक्यूमेंट्स तैयार किए जा रहे हैं।