
अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर यूएसएस जॉर्ज वॉशिंगटन (CVN-73) ईरान के आसपास तीन महीने तैनात रहने के बाद जापान जा रहा है। यूएस पैसिफिक फ्लीट की प्रवक्ता केटी कोइनिग ने बुधवार को इसकी जानकारी दी है। अब पर्शियन गल्फ (फारस की खाड़ी) के पास अमेरिकी के तीन के बजाय दो जंगी जहाज तैनात हैं, जहां ईरान के साथ लगातार उसकी तनातनी चल रही है। अमेरिका ने पश्चिम एशिया क्षेत्र में एक नया युद्धपोत भेजने के बाद ‘जॉर्ज वॉशिंगटन’ को यहां से हटाया है। रविवार को अमेरिका का थियोडोर रूजवेल्ट कैरियर स्ट्राइक ग्रुप पश्चिम एशिया पहुंचा था।
केटी कोएनिग ने बताया है कि जापान स्थित यह विमानवाहक पोत अब अमेरिकी 7वें बेड़े (फ्लीट) के कार्यक्षेत्र में काम कर रहा है और वहां नियमित अभियान चलाएगा। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि यूएसएस जॉर्ज वॉशिंगटन विमानवाहक पोत जापान स्थित अपने होम पोर्ट (मुख्य बंदरगाह) वापस जा रहा है या फिर किसी दूसरे बंदरगाह पर रुकेगा।
पश्चिम एशिया में अमेरिकी युद्धपोत – पश्चिम एशिया क्षेत्र में अब अमेरिका के दो युद्धपोत- USS थियोडोर रूजवेल्ट और USS जॉर्ज एचडब्ल्यू बुश तैनात हैं। हाल ही में रूजवेल्ट के पहुंचने से क्षेत्र में एक साथ तीन अमेरिकी विमान वाहक पोतों (एयरक्राफ्ट कैरियर) की मौजूदगी हो गई थी। USS जॉर्ज एच.डब्ल्यू. बुश अप्रैल और USS जॉर्ज वॉशिंगटन अगस्त में यहां पहुंचे थे। इस साल अप्रैल में और उससे भी पहले 2003 में दूसरे खाड़ी युद्ध के दौरान यहां तीन अमेरिकी युद्धपोत तैनात हुए हैं।
ईरान के पास पश्चिम एशिया में कैरियर स्ट्राइक ग्रुप्स की लगातार मौजूदगी क्षेत्र में अमेरिकी नौसेना की अपनी मजबूत स्थिति बनाए रखने की कोशिश है। ईरान और अमेरिका के बीच सीधे सैन्य संघर्ष फिलहाल रुका हुआ है लेकिन तनाव लगातार बरकरार है। खासतौर से अहम समुद्री रूट होर्मुज स्ट्रेट पास अपना-अपना दबदबा बनाने के लिए दोनों ओर से आक्रामक रुख अपनाया गया है।
अमेरिका-ईरान तनाव – ईरान ने बीते हफ्ते दो बार बहरीन में अमेरिकी सैन्य संपत्ति पर हमले का दावा किया है। ईरान ने US के अर्ली-वॉर्निंग रडार सिस्टम और दूसरे एसेट्स पर हमला किया है। इस हफ्ते ईरान ने कुवैत में अमेरिकी पैट्रियट मिसाइल सिस्टम को निशाना बनाया है। ये दिखाता है कि अमेरिका और ईरान के बीच चीजें अभी शांति की तरफ नहीं जा रही हैं।
ईरान अमेरिका के बीच शांति समझौते या युद्ध को लेकर अनिश्चित्ता बनी हुई है। अमेरिकी प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप के बयान ईरान को लेकर लगातार अस्पष्टता को बढ़ा रहे हैं। दूसरी ओर ईरान साफ कह रहा है कि अगर अमेरिका समझौता ना करके जंग का रास्ता चुनता है तो इस बार युद्ध की सीमाएं वह तय करेगा और आर-पार की लड़ाई लड़ेगा।
Home / Uncategorized / ईरान के पड़ोस में घटी अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर की संख्या, USS जॉर्ज वॉशिंगटन पश्चिम एशिया से रवाना
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website