
कश्मीर को लेकर पाकिस्तान ने एक बार फिर भारत के खिलाफ राग छेड़ दिया है। पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी और रक्षा मंत्री परवेज खटक सोमवार को नियंत्रण रेखा के दौरे पर पहुंचे जहां उन्होंने कश्मीर की आजादी के लिए पाकिस्तान के समर्थन का दावा किया है और वहां से आर्टिकल 370 हटाने को भारत सरकार का अवैध फैसला बताया है। यहां सेना के साथ दोनों मंत्रियों ने हालात का जायजा लिया।
‘कश्मीर के लोगों ने खारिज किया भारत का फैसला’
इस दौरान कुरैशी ने पिछले साल 5 अगस्त को जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाए जाने को भारत सरकार का अवैध कदम बताया और कहा कि कश्मीर के लोगों ने इसे खारिज कर दिया है। एलओसी दौरे से पहले जारी वीडियो संदेश में कुरैशी ने कहा कि वह रक्षा मंत्री के साथ नियंत्रण रेखा का दौरा कर रहे हैं ताकि कश्मीरी लोगों के साथ एकजुटता प्रदर्शित कर सकें।
भारत ने किया है साफ, कश्मीर है अभिन्न अंग
अधिकारियों ने बताया है कि दोनों मंत्रियों के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा पर प्रधानमंत्री के विशेष सहायक मोइद युसूफ भी थे। अधिकारियों ने बताया कि दोनों मंत्रियों ने चिरी कोट सेक्टर का दौरा किया जहां सेना ने उन्हें नियंत्रण रेखा के नवीनतम हालात से अवगत कराया। भारत ने पाकिस्तान को अपने दृढ़ रूख से अवगत करा दिया है कि केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और रहेगा।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website