Thursday , November 19 2026 7:03 AM
Home / Entertainment / Bollywood / ‘जावेद अख्तर जैसे लोग ईमान क्या, किडनी बेच दें’, भगवान राम पर बयान से भड़के मौलाना, गीतकार को कहा ‘बिजनेसमैन’

‘जावेद अख्तर जैसे लोग ईमान क्या, किडनी बेच दें’, भगवान राम पर बयान से भड़के मौलाना, गीतकार को कहा ‘बिजनेसमैन’


दिग्गज गीतकार और कहानीकार व लेखक जावेद अख्तर ने भगवान राम को एक ऐसे व्यक्तित्व के रूप में बताया, जिनके मूल्य धर्म की सीमाओं से परे हैं। मंगलवार को बात करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने नितेश तिवारी की ‘रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड’ के बारे में अच्छी बातें सुनी हैं, लेकिन अभी तक इसे देखा नहीं है। उन्होंने हिंदी सिनेमा के घिसे-पिटे फॉर्मूले और सोनिया गांधी की नई किताब के बारे में भी बात की। अब, ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी उनके बयान पर भड़क गए हैं और जावेद के बारे में काफी कुछ बोला है।
मौलाना साजिद रशीदी ने निशाना साधते हुए सीधे कहा, ‘जावेद अख्तर नास्तिक हैं। उन्होंने कई बार सार्वजनिक मंचों पर कहा है कि वे नास्तिक हैं और किसी भी देवता, किसी भी भगवान या खुदा में विश्वास नहीं करते। आपको याद होगा, मुफ्ती शमाइल नदवी के साथ उनका एक बड़ा कार्यक्रम हुआ था, जिसमें उन्होंने भी खुदा के अस्तित्व से इनकार किया था।तो अब भगवान राम के प्रति उनका यह लगाव उनके बिजनेस की वजह से है।’
मौलाना साजिद रशीदी का जावेद अख्तर पर निशाना – मौलाना ने आगे कहा, ‘वे एक बिजनेसमैन हैं। बॉलीवुड में गाने बेचने होते हैं, इसलिए उन्हें भगवान राम के बारे में इस तरह बोलना पड़ता है। अगर वे ऐसा नहीं बोलेंगे तो उनके गाने नहीं चलेंगे। देश में 80 प्रतिशत हिंदू हैं, अगर वे भगवान राम के प्रति इस तरह की भक्ति और स्नेह नहीं दिखाएंगे तो ये 80 प्रतिशत हिंदू कहीं न कहीं उन्हें रिजेक्ट करने की कोशिश करेंगे, और आजकल जो बॉयकॉट सिस्टम चल रहा है वो भी लागू हो जाता है।’
जावेद अख्तर थाली के बैंगन हैं। नाम उनका मुसलमान, लेकिन बात करते हैं हिंदू की। आपको एक तरफ रहकर बात करनी चाहिए, ताकि उधर के लोग आपका पूरा सम्मान करें। मेरे पास उनके लिए एक सुझाव है- अपना नाम जावेद अख्तर से बदलकर राम पाल रख लें। तब 80 प्रतिशत हिंदू आबादी शायद आपको पूरा सम्मान दे। आपको वास्तव में एक स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए। जावेद अख्तर जैसे लोग ईमान तो क्या, अपने घर को बेच दें, अपने जिस्म को बेच दें, अपनी किडनियां बेच दें। इनको सिर्फ पैसा चाहिए। मौलाना साजिद रशीदी
जावेद अख्तर की ‘रामायण’ पर टिप्पणी – जावेद अख्तर ने ‘इंडियन परफॉर्मिंग राइट सोसाइटी’ (IPRS) की ‘म्यूजिक क्रिएटर रिपोर्ट’ के लॉन्च के मौके पर अपनी बात रखी थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी, फिल्ममेकर जोया अख्तर ने यह फिल्म देखी है और उन्हें यह पसंद आई है। जावेद अख्तर ने PTI से कहा, ‘मैंने अभी तक यह फिल्म नहीं देखी है। मेरी बेटी जोया ने इसे देखा है और वह इसकी तारीफ कर रही है। वह बहुत मुश्किल से किसी चीज की तारीफ करती है। मैंने तो उसे कभी अपनी तारीफ करते हुए भी नहीं सुना है।’
राम पर बोले जावेद अख्तर – 81 वर्षीय लेखक ने यह भी बताया कि राम आज भी प्रासंगिक क्यों हैं। उन्होंने कहा, ‘राम सिर्फ एक व्यक्ति नहीं हैं। राम एक आदर्श हैं, एक नैतिकता हैं, राम जीने का एक तरीका हैं। राम एक खास सौंदर्यबोध और एक खास नैतिकता हैं। इसलिए, जब आप इसे देखते हैं और इसकी सराहना करते हैं, तो यह आपके दिल को छू लेता है।’
हो सकता है कि कई लोग मुझसे नाराज हों, लेकिन राम का सार हर भारतीय की रगों में बसता है, चाहे उनका धर्म कुछ भी हो। भले ही कभी-कभी उन्हें एक व्यक्ति के रूप में देखा जाता है, लेकिन वे उससे कहीं बढ़कर हैं, वे जीवन जीने का एक तरीका हैं। जावेद अख्तर