
कोलकाता के एक सामुदायिक दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। दुर्गा पूजा के लिए उमड़ी भारी भीड़ के कारण अचानक भगदड़ मच गई, जिसमें करीब 17 लोगों की मौत हो गई। जबकि कई लोग घायल हैं। इस हादसे पर राष्ट्रपति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, विपक्षी नेता राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई नेताओं ने हादसे पर दुख जताया है। वहीं पीएम मोदी ने घायलों और मतृकों के परिजनों के लिए मुआवजे का भी ऐलान किया है।
प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से बताया कि प्रधानमंत्री ने घोषणा की है कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कोलकाता में हुई भगदड़ बेहद दुखद है। मेरी संवेदनाएं उन सभी के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है।
राष्ट्रपति ने व्यक्त किया शोक – राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस हादसे पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, ‘कोलकाता में दुर्गा पूजा पंडाल में हुई लोगों की मृत्यु का समाचार बहुत ही दुखद है। सभी शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति मैं गहन संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।’
अमित शाह ने व्यक्त किया शोक – इस हादसे पर गृहमंत्री अमित शाह ने भी शोक व्यक्त किया है। उन्होंने लिखा- अभी-अभी कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ का अत्यंत दु:खद समाचार मिला। इस संबंध में मुख्यमंत्री श्री शुभेंदु अधिकारी जी से बात की। इस हादसे में जान गँवाने वाले श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूँ और परिवारजनों के प्रति संवेदनाएँ व्यक्त करता हूँ। प्रशासन द्वारा घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। पश्चिम बंगाल के अपने कल के सभी कार्यक्रम स्थगित कर अस्पताल जाकर घायलों से मिलूँगा। माँ दुर्गा से सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’
कांग्रेस नेताओं ने पश्चिम बंगाल सरकार से आग्रह किया कि पीड़ित परिवार को पर्याप्त मुआवजा मुहैया कराने के साथ ही इस हादसे की निष्पक्ष जांच कराई जाए ताकि आगे ऐसी घटनाएं न हों।
खरगे ने की जांच की मांग – खरगे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में स्थानीय कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से इस कठिन समय में प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई दुखद भगदड़ एवं इसमें हुयी जनहानि से वह अत्यंत व्यथित हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार को तत्काल बचाव एवं चिकित्सा सहायता सुनिश्चित करनी चाहिए तथा मृतकों के परिजनों और घायलों को पर्याप्त मुआवजा दिया जाना चाहिए। उन्होंने घटना की गहन जांच कराने की भी मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की त्रासदियों को रोका जा सके।
राहुल गांधी ने व्यक्त किया शोक – लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘कोलकाता के चोरबागान पूजा पंडाल में हुई भगदड़ की ख़बर बेहद दुखद है। इस हादसे में कई लोगों की जान जाने और घायल होने की सूचना है।’ उन्होंने कहा, ‘मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनायें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’ उनका कहना है कि प्रशासन से अपील है कि सभी घायलों को तुरंत बेहतर इलाज मिले, और इस हादसे की निष्पक्ष जांच हो ताकि भविष्य में ऐसी त्रासदी न दोहराई जाए। राहुल ने कहा, ‘मैं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि वे राहत कार्य में हर संभव मदद करें।’
Home / News / कोलकाता हादसे पर राष्ट्रपति मुर्मू-पीएम मोदी ने व्यक्त किया सोक, राहुल-खरगे ने दुख जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website