
मुंबई में आतंकियों के कत्लेआम की आज 18वीं बरसी है। साल 2008 में 26 से 29 नवंबर के बीच लश्कर-ए-तैयबा के 10 अतंकियों ने देश की आर्थिक राजधानी पर अटैक किया था। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने उस काले दिन को याद करते हुए सुरक्षाकर्मियों के बलिदान को सलाम किया है। एस जयशंकर ने एक्स पोस्ट में कहा कि 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को याद करें और उन बहादुर सुरक्षाकर्मियों को सलाम करें जिन्होंने सर्वोच्च बलिदान दिया।
10 आतंकियों ने दिया था हमले को अंजाम – बता दें कि देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 2008 में हुये आतंकी हमलों के 18 साल बाद भी भारी रक्तपात की खौफनाक यादें लोगों के जेहन में आज भी ताजा हैं। उस दिन पाकिस्तान से समुद्र के रास्ते मुंबई आए लश्कर-ए-तैयबा 10 आतंकवादियों ने भारी हथियारों से हमला किया, जिसमें 166 लोगों की मौत हो गयी थी और 300 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। मरने वालों में कई विदेशी नागरिक भी थे। यह भारत के किसी शहर में हुए सबसे घातक आतंकी हमलों में से एक था।
मुंबई के किन ठिकानों पर किए हमले? – 26 नवंबर 2008 की रात शुरू हुए और 29 नवंबर की सुबह तक चले हमलों में कई प्रमुख जगहों को निशाना बनाया गया। इनमें छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, ताजमहल पैलेस होटल, ट्राइडेंट होटल, नरीमन हाउस (चाबड हाउस), लियोपोल्ड कैफे और कामा एंड एल्ब्लेस अस्पताल शामिल थे। भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों ने सुनियोजित हमले किए, लोगों को बंधक बनाया और सुरक्षाकर्मियों के साथ लंबी गोलीबारी में उलझ गए।
60 घंटे तक चला घेराबंदी का दौर – सुरक्षाबलों के सामने भारी चुनौती थी, क्योंकि हमलावरों ने इमारतों पर कब्जा कर लिया था। उन्होंने उनकी ऊंचाई और बनावट का अपने फायदे के लिए इस्तेमाल किया, और लोगों को बंधक बना लिया था। मुंबई पुलिस, सशस्त्र पुलिसकर्मियों, भारतीय नौसेना के मरीन कमांडो और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड की समन्वित कार्रवाई से आखिरकार लगभग 60 घंटे तक चला घेराबंदी का दौर समाप्त हुआ।
Home / News / India / ‘निर्दोष लोगों को याद करें, सुरक्षाबलों को सलाम’, 26/11 आतंकी हमले की बरसी पर एस जयशंकर ने याद दिलाया खौफनाक मंजर
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website