Thursday , September 10 2026 9:52 PM
Home / News / World / जेलेंस्की के विमान से लगभग टकरा गया था रूसी ड्रोन, नॉर्वे के प्रधानमंत्री का बड़ा दावा, पत्नी भी थीं प्लेन में सवार

जेलेंस्की के विमान से लगभग टकरा गया था रूसी ड्रोन, नॉर्वे के प्रधानमंत्री का बड़ा दावा, पत्नी भी थीं प्लेन में सवार


नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर ने बुधवार को बताया कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की को मोल्दोवा से ओस्लो ले जा रहा विमान से एक ड्रोन लगभग टकरा ही गया था। जेलेंस्की नॉर्वे के राजा हेराल्ड के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। प्रधानमंत्री स्टोर ने नॉर्वे के सरकारी ब्रॉडकास्टर ने बताया कि जब मंगलवार को जेलेंस्की का विमान मोल्दोवा से उड़ान भरने ही वाला था, वह लगभग एक ड्रोन की चपेट में आ गया था। जेलेंस्की पत्नी के साथ ओस्लो जा रहे थे।
मोल्दोवा से जेलेंस्की के विमान ने देरी से भरी उड़ान – स्टोर ने कहा कि “यही वह सच्चाई है जिसका उन्हें सामना करना पड़ रहा है।” पीएम स्टोर ने इस घटना की पूरी जानकारी नहीं दी और न ही यह बताया कि ड्रोन जेलेंस्की के विमान के कितना करीब आ गया था। वहीं, मोल्दोवा सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि जेलेंस्की को नॉर्वे ले जा रहे विमान के मोल्दोवा से रवाना होने में देरी हुई, क्योंकि ड्रोन अलर्ट के कारण देश का एयरस्पेस बंद कर दिया गया था।
मोल्दोवो के एयरस्पेस में घुसे 2 रूसी ड्रोन – समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने प्रवक्ता के हवाले से बताया कि रूसी ड्रोन के मोल्दोवा की सीमा में गिरने की पुष्टि के बाद जेलेंस्की के विमान को उड़ान भरने की मंजूरी दी गई। मोल्दोवो के अधिकारियों ने बताया कि दो रूसी ड्रोन देश के एयरस्पेस में दाखिल हुए थे। एक ड्रोन राजधानी के उत्तर में एक खेत में गिरा, जिससे आग लग गई जबकि दूसरा ड्रोन रोमानिया के एयरस्पेस में चला गया।
रूसी ड्रोनों के घुसने के बाद चिसिनाई एयरपोर्ट पर विमानों का आना-जाना कुछ समय के लिए रोक दिया गया। मोल्दोवा की राजधानी को जाने वाली कई उड़ानों को देश के बाहर के एयरपोर्ट पर डायवर्ट कर दिया गया। रूसी ड्रोन के गिरने की पुष्टि होने के बाद एयरस्पेस को खोला गया। मोल्दोवा की राष्ट्रपति ने ड्रोन घुसपैठ को लोगों की जान के लिए गंभीर खतरा बताया और इसकी निंदा की।
नॉर्वे में जेलेंस्की ने एयर डिफेंस पर की चर्चा – जेलेंस्की मंगलवार शाम को ओस्लो पहुंचे थे। यूक्रेनी राष्ट्रपति के साथ उनकी पत्नी भी थीं। बुधवार को जेलेंस्की ने कई विदेशी गणमान्य के साथ राजा हेराल्ड के अंतिम संस्कार में हिस्सा लिया। राजा हेराल्ड का इसी 28 अगस्त को 89 साल की उम्र में निधन हो गया था। जेलेंस्की ने नॉर्वे के प्रधानमंत्री स्टोर, वित्त मंत्री जेन्स स्टोल्टेनबर्ग और विदेश मंत्री एस्पेन बार्थ ईडे से मुलाकात की। उनकी बातचीत में यूक्रेन की नॉर्वे की सैन्य मदद खासकर एयर डिफेंस सपोर्ट और आम नागरिकों की मदद के बारे में चर्चा की।