Thursday , July 30 2026 11:54 PM
Home / News / मुंह के बल गिरे रूस के राष्ट्रपति पुतिन, वायरल हो रहा VIDEO

मुंह के बल गिरे रूस के राष्ट्रपति पुतिन, वायरल हो रहा VIDEO


रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का मुंह के बल गिरने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मौका था जानी मानी शख्सियतों के साथ हॉकी सद्भावना मैच का दर्शकों का अभिवादन करते समय व्लादमिर पुतिन (66) मुंह के बल गिर गए थे। हालांकि उनकी टीम के दो सहयोगी फौरन उनकी मदद के लिए आगे बढ़े, लेकिन वह बिना किसी के सहयोग खुद उठ गए।
रूस के सोची स्थित ब्लैक सी रिसॉर्ट में बोलशोई आईस एरिना में रूसी सितारों की टीम और पुतिन एवं उनके सहयोगियों के बीच शुक्रवार को यह प्रदर्शनी हॉकी मैच खेला गया था। मैच में पुतिन ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर प्रतिद्वंद्वी टीम के खिलाफ नौ गोल दागे। रविवार शाम को टेलीविजन मैच के फुटेज का प्रसारण हुआ था। हॉकी मैच के दौरान पुतिन ने पत्रकारों से कहा, ‘‘यह लोगों को करीब लाएगा।’’ पारंपरिक 11 नंबर की जर्सी पहने रूसी राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘यह हमेशा मदद करता है।’’ खेल के शौकीन पुतिन ने रूस में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए काफी काम किया है।
इससे पहले रूसी राष्ट्रपति फिनलैंड के राष्ट्रपति साउली नीनिस्तो के साथ आईस हॉकी खेल चुके हैं। पुतिन ने बताया कि कुछ साल पहले तक वह बर्फ पर खड़े तक नहीं हो पाते थे और उन्होंने कुर्सी पकड़कर स्केट करना सीखा। रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु और रूसी हॉकी खिलाड़ी पावेल ब्यूरे एवं स्लावा फेतीसोव के साथ स्केट करते हुए पुतिन ने नाइट हॉकी गाला मैच में नौ गोल दागकर अपनी टीम को 14-7 से जीत दिलाई। प्रतिद्वंद्वी टीम में अरबपति गेनेडी टिमचेंको के साथ कई जाने माने उद्योगपति शामिल थे।