
हिंदी सिनेमा के दिग्गज एक्टर दिलीप कुमार की पुण्यतिथि पर उनकी पत्नी और एक्ट्रेस सायरा बानो ने भावुक श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर करते हुए अपने जीवनसाथी के साथ बिताए अनमोल पलों को याद किया और कहा कि दिलीप कुमार आज भी उनकी यादों और उनके प्रेम में जीवित हैं।
सायरा बानो ने इंस्टाग्राम पर दिलीप कुमार के साथ अपनी कई दुर्लभ और पुरानी तस्वीरें शेयर कीं। इसके साथ उन्होंने लिखा, ‘जीवन की सबसे खूबसूरत बात यह है कि वह कभी पूरी तरह समाप्त नहीं होता। वह यादों में हमेशा जीवित रहता है। यादें समय की तरह साथ नहीं छोड़तीं, बल्कि हर मुस्कान, हर नजर और हर शब्द को फिर से जीवंत कर देती हैं।’
‘दुनिया से विदा होने से पहले मुझे यादों का ऐसा अनमोल खजाना देकर गए’ – उन्होंने आगे लिखा, “मुझे अक्सर लगता है कि साहब इस दुनिया से विदा होने से पहले मुझे यादों का ऐसा अनमोल खजाना देकर गए हैं, जिसके सहारे मैं अपनी पूरी जिंदगी गुजार सकती हूं।’
‘दिलीप कुमार ने सिर्फ मुझे ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को अलविदा कहा था’ – सायरा ने कहा,’7 जुलाई 2021 को दिलीप कुमार ने सिर्फ मुझे ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया को अलविदा कहा था, जो उनसे प्यार करती थी। उनके परिवार, दोस्तों, फैन्स और फिल्म जगत के लोगों के जीवन में ऐसा खालीपन आ गया, जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। लेकिन मेरे लिए वह सिर्फ दुनिया के महान अभिनेता नहीं थे, बल्कि मेरे जीवन का सबसे मजबूत सहारा थे।’
‘हमने सिर्फ एक साथ जीवन नहीं बिताया, बल्कि एक संपूर्ण और संतुष्ट जीवन जिया’ – उन्होंने अपने वैवाहिक जीवन को याद करते हुए लिखा, ‘हमने सिर्फ एक साथ जीवन नहीं बिताया, बल्कि एक संपूर्ण और संतुष्ट जीवन जिया। उन्होंने मुझे हमेशा अपने जीवनसाथी होने का सम्मान दिया। दुनिया उन्हें महान अभिनेता के रूप में याद रखेगी, लेकिन जो लोग उन्हें करीब से जानते थे, वे उन्हें एक उदार इंसान, परोपकारी, सच्चे मित्र और दयालु व्यक्ति के रूप में हमेशा याद करेंगे।’
‘वह आज भी मेरी हर याद में बसते हैं’ – अपनी पोस्ट में सायरा बानो ने आगे कहा कि समय बीतने के बावजूद दिलीप कुमार कभी उनकी जिंदगी से दूर नहीं हुए। उन्होंने कहा, ‘साहब को इस दुनिया से गए पांच साल हो चुके हैं, लेकिन वह आज भी मेरी हर याद में बसते हैं। इतना गहरा प्रेम समय के साथ खत्म नहीं होता। यदि इस जीवन में मैं खुद को भाग्यशाली मानती हूं, तो इसलिए कि मुझे दिलीप कुमार से प्रेम करने और उनका प्रेम पाने का सौभाग्य मिला।”
खूबसूरत वैवाहिक सफर की झलक – सायरा बानो द्वारा शेयर की गई तस्वीरों में दोनों के साथ बिताए गए खूबसूरत पल नजर आए। इनमें उनकी युवावस्था की ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीरें भी शामिल हैं, जो उनके लंबे और खूबसूरत वैवाहिक सफर की झलक पेश करती हैं।
दिलीप कुमार का 7 जुलाई 2021 को 98 वर्ष की आयु में मुंबई में निधन – बता दें कि हिंदी सिनेमा के ‘ट्रेजेडी किंग’ के नाम से मशहूर दिलीप कुमार का 7 जुलाई 2021 को 98 वर्ष की आयु में मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया था। भारतीय सिनेमा के महानतम अभिनेताओं में शुमार दिलीप कुमार को फिल्म इंडस्ट्री में मेथड एक्टिंग की शुरुआत करने वालों में भी गिना जाता है।
दिलीप कुमार की शादी की खबर सायरा को मीडिया से पता लगी – यहां याद दिला दें कि दिलीप कुमार ने सायरा बानो से शादी के बाद एक और शादी की थी। दिलीप कुमार ने 11 अक्टूबर 1966 को सायरा बानो से पहली शादी की थी। तब एक्टर 44 साल के थे और सायरा बानो केवल 22 साल की थीं। हालांकि, इनकी शादी में एक तूफान बनकर आईं अस्मा, जिनकी वजह से 16 साल की शादीशुदा जिंदगी दिलीप कुमार भूल गए थे जहां सिर्फ सायरा होती थीं। दिलीप कुमार ने 1981 में अस्मा रहमान से दूसरी शादी कर ली थी और इसकी खबर सायरा को मीडिया के जरिए पता लगी। इस खबर से उन्हें गहरा सदमा लगा। हालांकि, बाद में दिलीप कुमार ने इसे अपनी बड़ी गलती माना और सायरा से माफी भी मांगी। अस्मा से शादी के तीन साल बाद 1983 में दिलीप कुमार ने उन्हें तलाक दिया और फिर आजीवन सायरा के साथ ही रहे।
दिलीप कुमार ने आखिर दूसरी शादी क्यों की थी? – वहीं सवाल ये उठता है कि दिलीप कुमार ने आखिर दूसरी शादी क्यों की थी। दरअसल वो अपनी लाइफ में एक संतान चाहते थे। कहते हैं कि दिलीप कुमार की फैमिली ने उन्हें दूसरी शादी के लिए फोर्स किया जबकि दिलीप ऐसा नहीं चाहते थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, घरवालों की बातों में आकर उन्होंने सायरा बानो को बिना बताए दूसरे शहर में जाकर साल 1981 में अस्मा रहमान से शादी कर ली थी।
Home / Entertainment / Bollywood / सायरा बानो ने दिलीप कुमार की बरसी पर लिखी बड़ी सी भावुक चिट्ठी, क्यों एक्टर ने चुपके से की थी दूसरी शादी
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website