Saturday , June 20 2026 6:41 PM
Home / Entertainment / Bollywood / सलमान खान 32 साल में पहली बार बायॉपिक में करेंगे काम, राजकुमार गुप्‍ता लिख रहे हैं कहानी

सलमान खान 32 साल में पहली बार बायॉपिक में करेंगे काम, राजकुमार गुप्‍ता लिख रहे हैं कहानी


सलमान खान (Salman Khan) ने अपने 32 साल के करियर में कॉमिडी और ड्रामा से लेकर ऐक्शन और रोमांटिक फिल्मों में काम किया है। अब वह इतने लंबे करियर में पहली बार बायॉपिक करने जा रहे हैं। सलमान खान डायरेक्टर राजकुमार गुप्ता (Rajkumar Gupta) की अगली फिल्म में ब्लैक टाइगर के नाम से मशहूर भारतीय जासूस रवींद्र कौशिक (Ravindra Kaushik) का रोल करने के लिए तैयार हैं।
पिंकविला की रिपोर्ट के अनुसार, यह एक ऐक्शन थ्रिलर है, जो भारतीय इतिहास की एक अविश्वसनीय सच्ची कहानी पर आधारित है। साजिद नाडियाडवाला के साथ सलमान खान के काम पूरे होने के बाद यह फिल्म फ्लोर पर जाएगी। रिपोर्ट में बताया गया है कि यह भारतीय जासूस रवींद्र कौशिक के जीवन पर आधारित फिल्म है। उन्हें ब्लैक टाइगर के नाम से जाना जाता है और उन्हें भारत का अब तक का सबसे अच्छा जासूस माना जाता है। राजकुमार गुप्ता पिछले 5 वर्षों से उनके जीवन पर रिसर्च कर रहे हैं और आखिरकार उन्होंने एक पटकथा तैयार की है। यह पटकथा रवींद्र कौशिक की उपलब्धियों और विरासत के साथ न्याय करती है। उन्होंने पटकथा सलमान खान को सुनाई जो सैद्धांतिक रूप से फिल्म करने के लिए पहले ही सहमत हो चुके हैं। यह भारतीय खुफिया इतिहास की सबसे चौंकाने वाली कहानियों में से एक है।
सलमान खान के वर्क फ्रंट की बात करें तो वह जल्द ही कटरीना कैफ के साथ ‘टाइगर 3’ की शूटिंग शुरू करेंगें। इसके बाद वह इस साल के आखिर में साजिद नाडियाडवाला की फिल्म ‘कभी ईद कभी दिवाली’ पर काम करेंगे। सलमान खान हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘राधेः योर मोस्ट वॉन्टेड भाई’ में दिशा पाटनी के साथ नजर आए थे।