Friday , October 16 2026 12:58 PM
Home / News / पाकिस्तान की राजधानी में हो सकता है आतंकी हमला, अमेरिका ने दूतावास के कर्मियों को किया अलर्ट

पाकिस्तान की राजधानी में हो सकता है आतंकी हमला, अमेरिका ने दूतावास के कर्मियों को किया अलर्ट


इस्लामाबाद स्थित अमेरिकी दूतावास ने रविवार को अपने कर्मचारियों को पाकिस्तान की राजधानी के एक शीर्ष होटल में अमेरिका के नागरिकों को संभावित खतरे की चेतावनी दी। दरअसल, यह शहर दो दिन पहले हुए एक आत्मघाती हमले के बाद हाई अलर्ट पर है। इस हमले में एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई थी और 10 अन्य घायल हो गये थे। दूतावास ने एक सुरक्षा अलर्ट में कहा कि अमेरिकी सरकार इस सूचना से अवगत है कि अज्ञात व्यक्ति छुट्टियों के दौरान इस्लामाबाद में मैरिएट होटल में अमेरिकी नागरिकों पर हमले की संभवत: साजिश रच रहे हैं।
परामर्श के जरिये अमेरिकी कर्मियों को छुट्टियों के दौरान लोकप्रिय होटल की यात्रा करने से प्रतिबंधित किया गया है। अमेरिकी दूतावास ने सभी कर्मियों को छुट्टियों के दिनों में इस्लामाबाद की अनावश्यक यात्रा करने से बचने को कहा है। उल्लेखनीय है कि एक आत्मघाती हमलावर ने इस्लामाबाद स्थित मैरिएट होटल को सितंबर 2008 में निशाना बनाया था, जो राजधानी में हुए इस तरह के सर्वाधिक घातक हमलों में एक था।
पाकिस्तानी सेना पर हमला – आतंकी हमले की चेतावनी के बीच पाकिस्तानी सेना पर बलूचिस्तान में हमला हुआ है। IED धमाके में पाकिस्तानी सेना के पांच कर्मियों की मौत हो गई। इसमें पाकिस्तानी सेना का एक कमांडर भी शामिल था। पाकिस्तान की ISPR की ओर से दी गई एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि यह अभियान शनिवार से चल रहा था। तभी सेना के जवानों के करीब बम फटा।
BLA ने ली हमले की जिम्मेदारी – हमले की जिम्मेदारी बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी ने ली है। इससे पहले दिन में ISPR ने कहा था कि एक आतंकी की मौत हो गई है। ISPR ने एक बयान में कहा कि विश्वसनीय सूत्रों के आधार पर शुरु किया गया ऑपरेशन 96 घंटे से चल रहा था। इससे पहले नवंबर के अंत में तहरीक ए तालिबान पाकिस्तान ने सेना के साथ सीजफायर खत्म करते हुए हमले की चेतावनी दी थी।