Sunday , August 30 2026 5:30 PM
Home / News / अनुच्छेद 371 में लद्दाख को मिलेगा खास दर्जा, बदलेगी तस्वीर, लेह पहुंचे किरेन रिजीजू ने खोला पीएम मोदी का प्लान

अनुच्छेद 371 में लद्दाख को मिलेगा खास दर्जा, बदलेगी तस्वीर, लेह पहुंचे किरेन रिजीजू ने खोला पीएम मोदी का प्लान


केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने एक बार फिर दोहराया है कि अनुच्छेद 371 के तहत लद्दाख के लिए जो विशेष प्रावधान किए गए है, उस पर केंद्र सरकार अमल कर रही है। उन्होंने कहा कि लेह-लद्दाख के विकास के लिए काम जारी रहेगा, मगर सारे काम एक ही बार में नहीं किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही लद्दाख का दौरा करेंगे।
लेह के शे में शुक्रवार को ड्रुक पद्मा कार्पो स्कूल के सिल्वर जुबली फ़ाउंडर डे समारोह में बोलते हुए किरन रिजिजू ने कहा कि गृह मंत्रालय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में लद्दाख के लिए विशेष प्रावधानों को बढ़ाने पर काम कर रहा है।
किरेन रिजीजू ने कहा कि केंद्र सरकार लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश के लिए अनुच्छेद 371 के तहत विशेष संवैधानिक प्रावधान देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ये प्रावधान जल्द ही लागू होंगे और लद्दाख के लोगों को इनसे फ़ायदा होगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री लंबे समय से लद्दाख का दौरा करना चाहते थे और वहां के लोगों से मिलना चाहते थे। उनका दौरा जल्द ही हो सकता है।
‘लद्दाख में आया बड़ा बदलाव’ – केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पिछले दशक में लद्दाख में बड़ा बदलाव आया है, खासकर इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी के मामले में काफी तरक्की हुई है। उन्होंने सड़क कनेक्टिविटी में सुधार का ज़िक्र करते हुए कहा कि केंद्र शासित प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों के बीच यात्रा करने में पहले जो समय कई दिन लेता था, वह अब कुछ घंटों में पूरा हो सकता है।
‘जल्द बनेगी लद्दाख हाई कोर्ट की बेंच भी’ – लद्दाख में हाल ही में नए जिले बनाए जाने का ज़िक्र करते हुए रिजिजू ने कहा कि इस कदम से स्थानीय लोगों को फायदा होगा। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा मिलने से पहले इसकी मांग लंबे समय से लंबित थी। उन्होंने बताया कि जल्द ही लद्दाख में हाई कोर्ट की एक बेंच बनाई जाएगी, जिससे लोगों को ज्यादा सुविधा होगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 27 अगस्त को ‘यूनियन टेरिटरी ऑफ लद्दाख (सिटिंग ऑफ बेंच ऑफ़ द हाई कोर्ट ऑफ़ जम्मू एंड कश्मीर एंड लद्दाख इन लद्दाख) रेगुलेशन, 2026’ जारी किया। यह रेगुलेशन कॉमन हाई कोर्ट के जजों और डिवीजन बेंचों के लद्दाख में बैठने के लिए कानूनी ढांचा तैयार करता है।