
अमेरिका में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया है कि उनका देश कोरोना के मामलों को लेकर सबसे बुरे दौरे को पार कर चुका है।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि यूएस में कोरोना वायरस का सबसे बुरा दौर बीत चुका है और वह गुरुवार को अर्थव्यवस्था को फिर से खोलने के लिए गाइडलाइंस की घोषणा करेंगे। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘यह साफ हो चुका है कि हमारी आक्रामक रणनीति काम कर रही है। लड़ाई जारी है लेकिन डेटा बताते हैं कि राष्ट्रीय स्तर पर हम कोरोना के नए मामलों के लिहाज से पीक (सबसे ज्यादा नंबर) को पार कर चुके हैं।’ दरअसल, उनका दावा इस बात को लेकर था कि अब कोरोना के मामले घटते जाएंगे।
ट्रंप ने आगे कहा, ‘इन प्रोत्साहित करने वाले घटनाक्रमों ने हमें ऐसी मजबूत स्थिति में ला दिया है कि हम देश को फिर से खोलने के लिए गाइडलाइंस को अंतिम रूप दे सकते हैं।’ वाइट हाउस के कोरोनावायरस रेस्पांस कोऑर्डिनेटर डॉ. डी. ब्रिक्स ने कहा है कि 9 राज्यों में एक हजार के आसपास केस हैं। हालांकि ट्रंप का मानना है कि देश के करीब 30 राज्य अच्छी स्थिति में हो सकते हैं।
अमेरिका में करीब साढ़े छह लाख कोरोना वायरस के मामले सामने आ चुके हैं। 28 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 48 हजार से ज्यादा लोग ठीक होकर घर लौट चुके हैं। ट्रंप ने कहा है कि वह कुछ राज्यों में सोशल डिस्टेंसिंग पर छूट देने के लिए नई गाइडलाइंस की घोषणा करने जा रहे हैं। हालांकि कुछ बिजनस लीडर्स ने उनसे और ज्यादा कोरोना टेस्टिंग और व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण की जरूरत पर जोर दिया है जिससे लोग सुरक्षित तरीके से काम पर लौट सकें। माना जा रहा है कि ट्रंप कोरोना के कम प्रभावित क्षेत्रों में प्रतिबंधों से छूट दे सकते हैं।
Home / News / ट्रंप का दावा, अमेरिका में कोरोना का सबसे बुरा दौर बीता, अर्थव्यवस्था को फिर से खोलने के लिए जारी करेंगे गाइडलाइंस
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website