
‘हिंदूज फॉर अमेरिका फर्स्ट’ का ऐलान कमला हैरिस के लिए एक झटके की तरह है। कमला के भारतीय मूल की होने की वजह से माना जा रहा है कि भारतीयों का ज्यादातर वोट उनके हिस्से में जाएगा। इस बीच ‘हिंदूज फॉर अमेरिका फर्स्ट’ ने ट्रंप के प्रचार की बात कही है।
नवगठित संगठन ‘हिंदूज फॉर अमेरिका फर्स्ट’ ने घोषणा की है कि वह राष्ट्रपति पद के चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन करेगा और डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के खिलाफ अभियान शुरू करेगा। हिंदूज फॉर अमेरिका फर्स्ट के अध्यक्ष और संस्थापक उत्सव संदूजा ने बृहस्पतिवार को इसकी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि ट्रंप भारत के समर्थक हैं। वहीं डेमोक्रेटिक कमला हैरिस ने भारत और भारत के लोगों के लिए ‘अपमानजनक बयानबाजियां’ की हैं।
संदूजा ने कहा कि बाइडन-हैरिस प्रशासन ने सीमा को सुरक्षित नहीं रखा । हैरिस राष्ट्रपति जो बाइडन के बाद दूसरे नंबर की ताकतवर नेता हैं लेकिन उन्होंने अमेरिका में अवैध प्रवासियों को आने से रोकने के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा, ‘अवैध तरीके से लोगों के आने पर अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी की घटनाओं में भारी वृद्धि हुई है और इसका असर अल्पसंख्यक समुदायों पर पड़ रहा है, विशेष रूप से कई एशियाई-अमेरिकी कारोबारियों पर।’
ट्रंप और मोदी के संबंध बहुत अच्छे – हिंदूज फॉर अमेरिका फर्स्ट अध्यक्ष संदूजा ने कहा, ‘ट्रंप भारत के समर्थक हैं। उनके प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ बेहतरीन संबंध हैं और उन्होंने कई रक्षा परियोजनाओं पर सहयोग किया, जिससे भारत को चीन का सामना करने में मदद मिलेगी। इसके उलट कमला हैरिस ने भारत सरकार और भारतीय लोगों के बारे में कई ‘अपमानजनक टिप्पणियां’ कीं जबकि ट्रंप ने देश के आंतरिक मामलों में कभी हस्तक्षेप नहीं किया।’
Home / News / अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव: ‘हिंदूज फॉर अमेरिका’ फर्स्ट का ऐलान, कमला हैरिस नहीं डोनाल्ड ट्रंप का करेंगे प्रचार
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website