
‘शोले’ के ‘गब्बर’ और दिवंगत एक्टर अमजद खान की गिनती बॉलीवुड के आइकॉनिक विलेन्स में की जाती है। उन्होंने अपने करियर में विलेन के अलावा पॉजिटिव किरदार भी निभाए, पर जो पॉपुलैरिटी ‘शोले’ का गब्बर बनकर मिली, वैसी नहीं मिल पाई। हालांकि, फिर भी उनका निभाया हर किरदार यादगार रहा और अमिताभ बच्चन के साथ उनकी जोड़ी भी खूब सराही गई। लेकिन एक भयानक एक्सीडेंट ने अमजद खान की जिंदगी ही तबाह कर दी। वह एक साल तक बिस्तर पर रहे और फिर मौत हो गई। अमजद खान के बेटे शादाब खान,जो खुद एक एक्टर रहे हैं, उन्होंने एक हालिया इंटरव्यू में पिता के एक्सीडेंट और आखिरी दिनों के बारे में बात की। शादाब ने बताया कि पिता के भयानक एक्सीडेंट के बाद अमिताभ बच्चन ही थे, जो उनके परिवार के साथ खड़े रहे, और सपोर्ट किया।
अमिताभ बच्चन और अमजद खान की दोस्ती और फिल्में – अमिताभ बच्चन और अमजद खान ने एक साथ कई फिल्मों में काम किया था, जिनमें ‘शोले’ के अलावा ‘याराना’, ‘मुकद्दर का सिकंदर’, ‘नसीब’, ‘शतरंज के खिलाड़ी’,’राम बलराम’, ‘सत्ते पे सत्ता’, ‘कालिया’ और ‘लावारिस’ जैसी फिल्में शामिल हैं। उनकी दोस्ती के चर्चे खूब मशहूर रहे। बेशक कई फिल्मों में अमिताभ-अमजद हीरो और विलेन रहे, पर असल में प्यार भाइयों जैसा था। लेकिन 27 जुलाई 1992 में अमजद खान का 51 साल की उम्र में निधन हो गया था। उन्हें हार्ट अटैक हुआ था।
1976 में अमजद खान का भयानक एक्सीडेंट – मौत से कुछ साल पहले साल 1976 में अमजद खान का भयानक एक्सीडेंट हुआ था, जिसमें वह मरते-मरते बचे थे। उनकी कई पसलियां टूट गई थीं, फेफड़ा भी फट गए थे और वह कुछ समय तक कोमा में भी रहे थे। अमजद खान को हेवी डोज की दवाइंया देनी पड़ी थीं, जिसके कारण उनका वजन बढ़ता ही चला गया। अमजद खान के बेटे ने विक्की लालवानी को दिए इंटरव्यू में पिता के एक्सीडेंट को याद किया और बताया कि अमिताभ बच्चन ने कैसे उनके परिवार की मदद की थी।
अमिताभ बच्चन ने की थी मदद, अमजद खान के बेटे ने बताया – शादाब खान ने बताया कि अमिताभ बच्चन और उनके पिता की दोस्ती थी, पर एक्सीडेंट के वक्त यह और अच्छी हो गई थी। वह बोले, ‘एक्सीडेंट गोवा में हुआ था। वो वहां ‘ग्रेट गैंबलर’ नाम की फिल्म की शूटिंग के लिए जा रहे थे। मैं भी था। मॉम भी थीं। सबको बुरी तरह से चोट आई। डैड तो लगभग मर ही गए थे। मॉम भी गंभीर रूप से घायल थीं। मेरा कॉलर बोन टूट गया था।’
कैसे हुआ था अमजद खान का एक्सीडेंट? शादाब ने बताया – हुआ क्या था गाड़ी में? यह पूछे जाने पर शादाब ने बताया, ‘वो गोवा जा रहे थे ड्राइव करके। डैड थे, साथ में ड्राइवर थे। डैड ड्राइव कर रहे थे। सुबह का वक्त था। बारिश हुई थी। रास्ता गीला था। अचानक टर्न आया। वहां क्या करते थे लोग पुराने टाइम में…अभी भी करते हैं कि अगर ट्रक का ब्रेकडाउन हो जाता है तो उसके आसपास पत्थर लगा देते हैं। तो अचानक से ट्रक सामने आ गया। उससे बचने के लिए डैड ने स्टीयरिंग व्हील राइट या लेफ्ट साइड पर घुमाया। जमीन गीली थी। गाड़ी कंट्रोल से निकलकर पेड़ में जाकर घुस गई। हमें अस्पताल ले जाया गया। बच्चन साहब को इस बारे में बताया गया। उन्होंने बहुत मदद की। उन्होंने पूरी तरह से चार्ज अपने हाथ में ले लिया और सारी स्थिति संभाली।’
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website