
राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस की जांच जेल में बंद आरोपितों की संपत्ति पर केंद्रित है। पुलिस टीम उनके संबंधियों और परिवारीजनों के बैंक अकाउंट से लेकर जमीन की खरीद-फरोख्त के दस्तावेज खंगाल रही है। शहर से लेकर ग्रामीण स्तर पर उनकी प्रॉपर्टी और रजिस्ट्री विभाग में उनके नाम पर खरीद की जमीन के दस्तावेज की पड़ताल करवा रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि मंदिर से जुड़ने से पहले और उसके बाद उनके स्रोतों में किस हद तक इजाफा हुआ है।
जांच में पता चला है कि अनुकल्प, लवकुश, अविनाश, टिन्नू यादव, रमाशंकर करुणेश ने लाखों की संपत्ति बना ली है। पुलिस ने मंदिर की काउंटिंग और अन्य सुरक्षा व्यवस्था की भी पड़ताल की जिनकी खामियों से चढ़ावा चोरी का क्रम काफी अरसे तक चलता रहा। जांच अधिकारी आशुतोष तिवारी के मुताबिक, जैसे-जैसे आरोपितों से बारे में सुराग व दस्तावेजी प्रमाण मिल रहे हैं, उसकी अगली कड़ी से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है। करीब 40 लोगों की सूची बनी है, जिनसे पूछताछ जारी रहेगी। इसमें मंदिर ट्रस्ट से जुड़े व पदाधिकारी भी हैं।
आ सकती है SIT – सूत्रों ने बताया कि एसआईटी दो दिनों तक जांच कर शुक्रवार रात लखनऊ वापस लौट गई थी। अब सोमवार को फिर अयोध्या आ सकती है। 15 जुलाई तक एसआईटी को अपनी फाइनल रिपोर्ट शासन को सौंपनी है।
राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक 6 जुलाई को – श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक सोमवार दिन में तीन बजे से मणि रामदास छावनी में होगी। बैठक में राम मंदिर चढ़ावा चोरी की जांच के लिए बनी SIT की प्रारंभिक रिपोर्ट और ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफों पर चर्चा होगी। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि ने इस बैठक का अजेंडा जारी कर दिया है।
सीईओ की नियुक्ति पर भी हो सकती है चर्चा – बैठक में राम मंदिर के कामकाज के प्रबंधन के लिए सीईओ की नियुक्ति पर भी चर्चा हो सकती है। एजेंडे में गैर लेखापरीक्षित आय व्यय विवरण और बैलेंस शीट, अन्य वित्तीय विवरणों और उनकी स्वीकृति भी शामिल है।
राम मंदिर व्यवस्था में बदलाव का सुझाव – सूत्रों के मुताबिक, मंदिर प्रबंधन के लिए तीन-स्तरीय व्यवस्था के सुझाव पर भी बात हो सकती है। मंदिर निर्माण समिति के चेयरमैन नृपेंद्र मिश्र ने यह सुझाव दिया है। इस दौरान तिरुपति बालाजी, काशी विश्वनाथ और वैष्णव देवी मंदिरों में प्रशासनिक व्यवस्था पर भी मंथन हो सकता है। इनके आधार पर राम मंदिर की व्यवस्था में भी बदलाव का सुझाव दिया जा सकता है।
Home / News / India / अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी में अब काली कमाई के हिसाब पर नजर , राम मंदिर ट्रस्ट की अहम बैठक आज
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website