Sunday , October 25 2026 9:59 PM
Home / News / डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन तो एमी की चुनौती भी, विवेक रामास्वामी बन पाएंगे गवर्नर? क्या कह रहे हैं चुनाव पूर्व के सर्वे

डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन तो एमी की चुनौती भी, विवेक रामास्वामी बन पाएंगे गवर्नर? क्या कह रहे हैं चुनाव पूर्व के सर्वे


अमेरिकी स्टेट ओहायो के गवर्नर पद के लिए रिपब्लिकन उम्मीदवार विवेक रामास्वामी मजबूती से चुनाव लड़ रहे हैं। भारतीय मूल के अमेरिकी उद्यमी विवेक रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार हैं। विवेक रामास्वामी को डोनाल्ड ट्रंप और जेडी वेंस से सपोर्ट मिली है। ऐसे में 3 नवंबर को होने वाले चुनाव में मजबूत दिखते हैं लेकिन डेमोक्रेटिक पार्टी की एमी एक्टन से उनको जबरदस्त मुकाबला मिल रहा है। पोल बताते हैं कि एमी एक्टन धीरे-धीरे रामास्वामी पर बढ़त बना रही हैं।
विवेक रामास्वामी ने मई में रिपब्लिकन प्राइमरी में 82% से वोट हासिल करके पार्टी का नामांकन जीता था। इसके बाद उन्होंने मजबूती से चुनाव प्रचार अभियान चलाया है। उनका मुकाबला डेमोक्रेट एमी एक्टन से है, जो डॉक्टर और ओहियो स्वास्थ्य विभाग की पूर्व निदेशक रह चुकी हैं। कोविड-19 महामारी के दौरान ओहियो में उनको काफी तारीफ मिली थी। एक्टन पहली बार किसी सार्वजनिक पद के लिए चुनाव लड़ रही हैं।
रिपब्लिकन पार्टी का गढ़ ओहियो – ओहियो को रिपब्लिकन पार्टी का गढ़ माना जाता है। डोनाल्ड ट्रंप ने अपने तीनों राष्ट्रपति अभियानों में इस राज्य में जीत हासिल की। पिछले दो दशकों से इस स्टेट में गवर्नर का पद रिपब्लिकन पार्टी के पास रहा है। वर्तमान रिपब्लिकन गवर्नर माइक डीवाइन अपना कार्यकाल पूरा कर चुके हैं और वे दोबारा चुनाव नहीं लड़ सकते है।
ओहियो की राजनीतिक पृष्ठभूमि से रामास्वामी को काम करने के लिए एक मजबूत आधार मिला है। हालांकि गवर्नर इलेक्शन कड़े मुकाबले में बदल गया है। रियलक्लियरपोलिंग के 22 सितंबर से 19 अक्टूबर के बीच के पोल के आंकड़ों के हिसाब से एक्टन 48.5% के साथ आगे हैं, जबकि रामास्वामी 44.9% पर हैं। यानी डेमोक्रेट उम्मीदवार को 3.6 अंकों की बढ़त है।