Friday , May 15 2026 10:25 PM
Home / Uncategorized / ‘ईरान से दुश्मनी बेवकूफी’, नेतन्याहू की सीक्रेट UAE यात्रा पर भड़के अब्बास अराघची, दी खुली धमकी

‘ईरान से दुश्मनी बेवकूफी’, नेतन्याहू की सीक्रेट UAE यात्रा पर भड़के अब्बास अराघची, दी खुली धमकी


ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन की कथित यात्रा को लेकर UAE को धमकी दी है। ईरान ने कहा है कि उसे नेतन्याहू की संयुक्त अरब अमीरात (UAE) यात्रा के बारे में पहले से पता था। यह कथित यात्रा उस समय हुई थी, जब ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल का अभियान अपने चरम पर था। इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने इस यात्रा के बारे में जानकारी दी थी, लेकिन अबू धाबी ने यह कहते हुए इसे खारिज कर दिया कि ऐसी कोई यात्रा नहीं हुई थी।
ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने X पर लिखा, ‘नेतन्याहू ने अब सार्वजनिक रूप से उसी बात का खुलासा किया है, जो ईरान की सुरक्षा एजेंसियों ने बहुत पहले ही हमारे नेतृत्व को बता दी थी।’ हालांकि, अराघची ने यह नहीं बताया कि ईरान के पास जब यह जानकारी थी, तो उसने इसे सार्वजनिक क्यों नहीं किया।
इजरायल से साठगांठ को बताया अक्षम्य अपराध – अराघची ने आगे कहा, “ईरान के महान लोगों से दुश्मनी मोल लेना एक बेवकूफी भरा जुआ है। ऐसा करने के लिए इजरायल के साथ साठगांठ करना एक अक्षम्य अपराध है।” इसी पोस्ट में ईरानी विदेश मंत्री ने सीधी धमकी देते हुए कहा, “जो लोग फूट डालने के लिए इजरायल के साथ साठगांठ कर रहे हैं, उन्हें इसका हिसाब देना होगा।”
इजरायल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने बुधवार को एक बयान में कहा कि ईरान के खिलाफ युद्ध के दौरान नेतन्याहू ने UAE का गुप्त दौरा किया था और राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जाएद (MBZ) से मुलाकात की थी। इसमें आगे कहा गया कि इस मुलाकात से दोनों देशों के संबंधों में ऐतिहासिक सफलता मिली। हालांकि, नेतन्याहू ने यह नहीं बताया कि यात्रा कब हुई थी। लेकिन रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, नेतन्याहू ने 26 मार्च को UAE का दौरा किया था। दोनों देशों के नेता ओमान के बॉर्डर के पास स्थित अल ऐन शहर में मिले थे।