
यूक्रेन के शहर खारकिव में बृहस्पतिवार को एक निजी नर्सिंग होम में आग लगने से 15 लोगों की मौत हो गयी और 11 अन्य घायल हो गये। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दो मंजिला इमारत में आग लगने के कारण का पता लगाया जा रहा है। ‘इंटरफैक्स’ समाचार एजेंसी ने खारकिव पुलिस के हवाले से बताया कि नर्सिंग होम के मालिक और कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार यह आग दोपहर बाद दूसरे फ्लोर पर लगी। बताया जा रहा है कि जब आग लगी उस समय इमारत में करीब 33 लोग मौजूद थे। इसकी एक तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें दूसरी मंजिल से धुएं का गुबार उठता दिखाई दे रहा है और दमकल कर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने आंतरिक मामलों की मंत्री को इस घटना की पूरी जांच के निर्देश दिए हैं। यूक्रेन के प्रोसीक्यूटर ने कहा कि अधिकारियों ने आपराधिक जांच शुरू भी कर दी है और शुरुआती जांच से ऐसा लग रहा है कि किसी हीटिंग डिवाइस को सही से हैंडल ना करने की लापरवाही से ये आग लगी है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website