
दूसरे टेस्ट के बाद इंग्लैंड क्रिकेट टीम ब्रेक के समय आबू धाबी चली गई थी। ऐसे में तीसरे टेस्ट के लिए राजकोट आने के बाद एयरपोर्ट पर उनको एक बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। उनके एक खिलाड़ी को वीजा के चक्कर में रोका गया।
भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैच की रोमांचक टेस्ट सीरीज का तीसरा मुकाबला राजकोट के सौराष्ट्र क्रिकेट स्टेडियम में 15 फरवरी से खेला जाएगा। मैच के लिए मेहमान इंग्लैंड टीम भी राजकोट पहुंच गई है। हालांकि उन्हें नए इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक समस्या का सामना करना पड़ा। जब वह राजकोट में लैंड हुए तो उनके एक खिलाड़ी को वीजा परेशानी की वजह से रोक लिया गया। वो खिलाड़ी और कोई नहीं बल्कि उनके युवा लेग स्पिनर रेहान अहमद थे।
राजकोट एयरपोर्ट पर रेहान अहमद को रोका- सौराष्ट्र क्रिकेट संघ के अध्यक्ष जयदेव शाह ने हमारे सहयोगी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया को कहा, ‘रेहान अहमद के वीजा में कुछ तकनीकी समस्या थी, जिसके कारण उन्हें एयरपोर्ट पर रोक दिया गया।’
सूत्रों ने कहा कि इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स रेहान के साथ ही रहे जब तक पूरा मामला सिमट नहीं गया। टीम ने शुरू में रेहान को मंजूरी मिलने तक हवाई अड्डे से होटल के लिए रवाना होने से इनकार कर दिया। लेकिन एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि इशू सोल्व होने के बाद वहां से होटल जाने का फैसला किया। अधिकारी ने कहा कि टीम होटल पहुंच गई है।
अबू धाबी से आने वाली फ्लाइट राजकोट शहर से लगभग 30 किलोमीटर दूर हिरासर एयरपोर्ट पर उतरने वाली पहली इंटरनेशनल फ्लाइट थी, जिसने पिछले साल 10 सितंबर को परिचालन शुरू किया था। बता दें कि फ्लाइट में 31 पैसेंजर और क्रू मेंबर के 7 लोग थे।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website