Wednesday , March 4 2026 9:56 PM
Home / Uncategorized / बालाकोट के बाद भारत में हवाई हमले की साजिश रचने वाले पाकिस्तानी एयर मार्शल का कोर्ट मार्शल, एयरफोर्स में बगावत की मिली सजा

बालाकोट के बाद भारत में हवाई हमले की साजिश रचने वाले पाकिस्तानी एयर मार्शल का कोर्ट मार्शल, एयरफोर्स में बगावत की मिली सजा


पाकिस्तान में एयर मार्शल का कोर्ट मार्शल कर दिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक पूर्व एयर मार्शल जवाद सईद को पिछले साल पाकिस्तानी एयरफोर्स में सीनियर अधिकारियों के करप्शन को उजागर करने के बाद गिरफ्तार किया गया था। इमरान खान की सरकार के दौरान वो एयर फोर्स का प्रमुख बनने वाले थे।
पाकिस्तान की सेना ने अपने ही एयर चीफ मार्शल का रिटायरमेंट से पहले कोर्ट मार्शल कर दिया है। एयर मार्शल जवाद सईद को पिछले साल पाकिस्तानी एयरफोर्स में सीनियर अधिकारियों के करप्शन को उजागर करने के बाद कई सीनियर अधिकारियों के साथ गिरफ्तार किया गया था। और अब ताजा रिपोर्ट के मुताबिक उनका कोर्ट मार्शल कर दिया गया है। उन्हें सेना में विद्रोह समेत कई आरोपों में दोषी ठहराया गया है। उन्हें पाकिस्तानी वायुसेना के मेस में हिरासत में रखा गया है। पाकिस्तान एयरफोर्स ने इस बाबत इस्लामाबाद हाईकोर्ट को इसकी जानकारी दी है। गिरफ्तार करने के बाद उन्हें एयर मार्शल के पद से भी हटा दिया गया था। यह जवाद सईद हैं ज‍िन्‍होंने भारत के बालाकोट हमले के बाद जवाबी हवाई हमले की साजिश रची थी।
एयर मार्शल जवाद सईद को जनवरी 2024 में गिरफ्तार किया गया था। काफी समय तक उनकी गिरफ्तारी को गुप्त रखा गया था, जिसके बाद उनकी पत्नी ने उनकी बरामदगी के लिए बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर की थी। उस समय, इस्लामाबाद हाईकोर्ट के जज खादिम हुसैन सूमरो ने याचिका को खारिज कर दिया था और याचिकाकर्ता पर ही 25,000 रुपये का जुर्माना लगा दिया था, क्योंकि एयरफोर्स के अधिकारियों ने खुलासा किया था, कि सईद का कोर्ट मार्शल किया गया है और उन्हें ‘आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम’ के तहत दोषी ठहराया गया है।
पाकिस्तानी सेना के पूर्व अधिकारी आदिल रजा ने दावा किया है कि “पूर्व एयर मार्शल जवाद सईद को सरकारी गोपनीयता अधिनियम और विद्रोह मामलों में जेल की सज़ा सुनाई गई है।” उन्होंने कहा है कि “रिटायरमेंट से पहले जवाद सईद का नाम पाकिस्तान वायु सेना के सबसे वरिष्ठ अधिकारियों के शॉर्टलिस्ट किया गया था, जिसे तत्कालीन प्रधानमंत्री इमरान खान को एयर चीफ की नियुक्ति के लिए भेजा गया था। लेकिन उनका असली अपराध मौजूदा एयर चीफ के भ्रष्टाचार को उजागर करना है।” डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक इस्लामाबाद हाईकोर्ट के जज ने कहा था कि चूंकि जवाद सईद के ठिकाने के बारे में पहले से ही पता था, इसलिए उसकी बरामदगी के लिए बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर नहीं की जा सकती। इसके बाद फिर से पिछले महीने, सईद की पत्नी ने बर्खास्तगी के खिलाफ समीक्षा आवेदन दायर किया और पीएएफ की हिरासत से उसकी रिहाई की मांग की।
याचिका में कहा गया था कि गिरफ्तारी के बाद सईद की पेंशन बंद कर दी गई और सरकार द्वारा दी जाने वाली पारिवारिक स्वास्थ्य सेवाएं भी बंद कर दी गईं। लेकिन बाद में, उसकी पत्नी का चिकित्सा उपचार बहाल कर दिया गया। पाकिस्तान एयरफोर्स के अधिकारी ने इस्लामाबाद हाईकोर्ट को सूचित किया है कि सईद को जेल के बजाय ऑफिसर्स मेस में हिरासत में रखा गया था, जहां सेना के अधिकारी कानून के अनुसार सजा मिलने के बाद अपनी सजा काटते हैं। वहीं याचिकाकर्ता के वकील, रिटायर्ड कर्नल इनामुर रहीम ने तर्क दिया कि सईद को पाकिस्तानी एयरफोर्स ने अवैध तरीके से हिरासत में रखा हुआ है, लिहाजा संवैधानिक अदालत होने के नाते इस्लामाबाद हाईकोर्ट उनकी अवैध कारावास को रद्द करे।
भारत पर कराया था हवाई हमला – आदिल रजा ने खुलासा किया है कि जवाद सईद, भारत के ख‍िलाफ ऑपरेशन स्विफ्टरिटॉर्ट के कर्ताधर्ता थे। भारत के बालाकोट हमले के बाद पाकिस्‍ंतान ने हमला किया था। जवाद सईद के साथ साथ एयर मार्शल अहसान रफीक, एयर मार्शल तारिक, विंग कमांडर वकास और विंग कमांडर शिराजी सहित 10 अन्य अधिकारियों को भी पाकिस्तान वायुसेना प्रमुख जहीर बाबर सिद्धू के भ्रष्टाचार को उजागर करने और इस बारे में श्वेत पत्र लिखने की वजह से कोर्ट मार्शल किया गया है। उन्होंने कहा है कि पाकिस्तान के एक पत्रकार ने इन लोगों की पहचान का खुलासा ISI के सामने कर दिया था, जिसके बाद इन लोगों को ऑफिसियल सीक्रेट एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया था।