
केरल के तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे पर एक महीने से अधिक समय से खड़ा ब्रिटिश रॉयल नेवी का F-35B लड़ाकू विमान अब उड़ान भरने के लिए तैयार है। तकनीकी खराबी को इंजीनियरों ने ठीक कर लिया है।
केरल से अच्छी खबर है! एक महीने से अधिक समय से तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर खड़ा ब्रिटिश रॉयल नेवी का F-35B लड़ाकू विमान अब उड़ान भरने के लिए तैयार है। ईंधन की कमी और तकनीकी खराबी के कारण इसे इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी। अब बताया जा रहा है कि इंजीनियरों और तकनीशियनों की टीम ने इस अत्याधुनिक फाइटर जेट में आई खराबी को कई नाकामियों के बाद दुरुस्त कर लिया है। संभावना है कि अगले हफ्ते तक यह फाइटर जेट ब्रिटेन के लिए रवाना हो जाएगा।
हाइड्रोलिक सिस्टम की खराबी ठीक-रिपोर्ट – मातृभूमि डॉट कॉम की एक रिपोर्ट के अनुसार ब्रिटिश रॉयल नेवी के स्टील्थ फाइटर जेट F-35B में आई तकनीकी दिक्कतों को ठीक कर लिया गया है। शुरुआत में पता चला कि विमान के हाइड्रोलिक सिस्टम और ऑक्सिलरी पावर यूनिट में बड़ी खराबी थी। हाइड्रोलिक सिस्टम विमान के ब्रेक और लैंडिंग गियर जैसे महत्वपूर्ण हिस्सों को कंट्रोल करता है। ऑक्सिलरी पावर यूनिट एक छोटा इंजन होता है, जो विमान को स्टार्ट करने और अन्य सिस्टम को चलाने के लिए बिजली देता है। दोनों को ठीक कर दिया गया है।
IndianZ Xpress NZ's first and only Hindi news website