Wednesday , March 4 2026 8:36 PM
Home / Uncategorized / भारत ने सतलुज में छोड़ा पानी तो पाकिस्तान के पंजाब में आई भयानक बाढ़, खतरे के ऊपर पहुंची नदियां, अब तक 788 की मौत

भारत ने सतलुज में छोड़ा पानी तो पाकिस्तान के पंजाब में आई भयानक बाढ़, खतरे के ऊपर पहुंची नदियां, अब तक 788 की मौत


पाकिस्तान में हालिया दिनों से बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। पाकिस्तान के पंजाब, केपी और पीओके समेत कई इलाकों में बाढ़ से लाखों लोग प्रभावित हैं। इस बीच भारत की ओर से पानी छोड़ा गया है।
पाकिस्तान के पंजाब में भारत से छोड़े गए पानी ने परेशानी बढ़ा दी है। भारत ने सतलुज नदी में रविवार को भारी मात्रा में पानी छोड़ा है। इससे पंजाब के बहावलनगर शहर में बाढ़ आ गई है। पाकिस्तानी मीडिया ने बताया है कि भारत से छोड़े गए पानी की वजह से एक बड़ा इलाका पानी में डूब गया है। इसमें दो लोगों की जान चली गई। हजारों एकड़ फसलें जलमग्न हैं और बड़ी आबादी के सामने बेघर होने का संकट पैदा हो गया है। भारत की ओर से बाढ़ की चेतावनी पहले ही पाकिस्तान को दे दी गई थी।
डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान में बारिश और बाढ़ से अब तक 788 लोगों की जान गई है। खैबर पख्तूनख्वा, पीओके और पंजाब सबसे ज्यादा प्रभावित है। बारिश और बाढ़ के चलते पंजाब सरकार हाई अलर्ट पर है क्योंकि पूरे प्रांत में नदिया उफान पर हैं। चिनाब और सिंधु नदियों में बाढ़ का खतरा है। वहीं गंदा सिंह वाला में सतलुज नदी में भारत से पानी छोड़े जाने की वजह से बाढ़ की स्थिति है।
गांवों तक पहुंच रहा पानी – द एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने बताया है कि सतलुज में भारत के पानी छोड़ने के बाद जलस्तर सुरक्षात्मक तटबंधों को तोड़ रहा है। नदियों का पानी कई गांवों तक पहुंच गया है। खासतौर से और बाबा फरीद ब्रिज और भुकन पाटन के पास की बस्तियों में पानी पहुंत गया। स्थानीय प्रशासन और बचाव दल पशुओं और लोगों को निकालकर सुरक्षित क्षेत्रों में पहुंचा रहे हैं।
स्थानीय प्रशासन का कहना है कि अगले 48 घंटों में गंदा सिंह वाला में तेज बाढ़ जारी रहने की आशंका है। यहां जल स्तर 21 फीट से ऊपर और प्रवाह 130,000 क्यूसेक से अधिक हो जाएगा, जिससे रावी और चिनाब नदियों में उफान का खतरा बढ़ जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि मूसलाधार बारिश स्थिति को और ज्यादा बिगाड़ सकती हैं।