Wednesday , March 4 2026 8:36 PM
Home / Uncategorized / पीएम मोदी ने किया था शिलान्यास, अब वही करेंगे उद्घाटन, बिहार को औंटा-सिमरिया महासेतु की सौगात

पीएम मोदी ने किया था शिलान्यास, अब वही करेंगे उद्घाटन, बिहार को औंटा-सिमरिया महासेतु की सौगात


बिहार की कनेक्टिविटी को नई उड़ान देने वाला औंटा से सिमरिया महासेतु बन कर तैयार है। मोकामा के औंट घाट और बेगूसराय के सिमरिया को जोड़ने वाला 6 लेन का यह पुल अब विकासशील बिहार का प्रतीक होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 अगस्त को बिहार आ रहे हैं। इसी क्रम में इस आधुनिक बिहार के महासेतु को जनता को समर्पित करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एनएच-31 पर बने 8.15 किलोमीटर लंबे औंटा-सिमरिया पुल परियोजना का कल उद्घाटन करेंगे। इसमें गंगा नदी पर बना 1.86 किलोमीटर लंबा छह-लेन का पुल भी शामिल है, जिसे 1,870 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार किया गया है। ये परियोजना पटना के मोकामा और बेगूसराय के बीच सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। नया पुल पुराने और जर्जर दो-लेन रेल-सह-सड़क पुल ‘राजेंद्र सेतु’ के समानांतर बनाया गया है।
बिहार में गंगा नदी पर औंटा-सिमरिया पुल – पुराने राजेंद्र पुल की खराब स्थिति के कारण भारी वाहनों को लंबा चक्कर लगाना पड़ता था। इस नए पुल के शुरू होने से उत्तर बिहार (बेगूसराय, सुपौल, मधुबनी, पूर्णिया, अररिया) और दक्षिण बिहार (शेखपुरा, नवादा, लखीसराय) के बीच चलने वाले भारी वाहनों की यात्रा दूरी 100 किलोमीटर तक कम हो जाएगी। इससे उन क्षेत्रों में लगने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या भी कम होगी, जो इन डायवर्जन की वजह से उत्पन्न होती थी। ये पुल आसपास के क्षेत्रों, खासकर उत्तर बिहार की अर्थव्यवस्था को नई गति देगा, जो आवश्यक कच्चे माल के लिए दक्षिण बिहार और झारखंड पर निर्भर रहते हैं।