Monday , February 16 2026 2:29 AM
Home / Uncategorized / भारत से संबंध हमने नहीं बिगाड़े, बांग्‍लादेश के विदेश सलाहकार का जहरीला बयान, हिंदुओं की सुरक्षा पर दिया उलटा जवाब

भारत से संबंध हमने नहीं बिगाड़े, बांग्‍लादेश के विदेश सलाहकार का जहरीला बयान, हिंदुओं की सुरक्षा पर दिया उलटा जवाब

बांग्लादेश की मौहम्मद यूनुस सरकार में विदेश सलाहकार तौहीद हुसैन ने भारत के साथ संबंधों पर बात की है। उन्होंने ढाका स्थित भारतीय उच्चायोग से अपने राजनयिकों के परिवारों को वापस बुलाने के दिल्ली के फैसले पर एतराज जताया है। हुसैन ने कहा कि भारत की ओर से लिया गया यह फैसला समझ से परे है। बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और पाकिस्तान से ढाका के रिश्तों पर भी हुसैन खुलकर बोले हैं। हुसैन का यह बयान ऐसे समय आया है, जब भारत और बांग्लादेश में रिश्ते तनाव के दौर से गुजर रहे हैं। खासतौर से मोहम्मद यूनुस के अगस्त, 2024 में बंग्लादेश की सत्ता में आने के बाद से दोनों मुल्कों के रिश्ते खराब हुए हैं।
तौहीद हुसैन ने बीबीसी से बातचीत में कई मुद्दों पर बातचीत की है। इसमें खासतौर से भारत से रिश्ते पर उन्होंने अपनी राय रखी है। बीबीसी को दिए इंटरव्यू में हुसैन ने कहा कि हाल ही में भारत ने अपने राजनयिकों के परिवारों को ढाका से वापस बुलाया है। उन्होंने कहा कि इसका कोई सबूत नहीं है कि हम भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर पाए। ऐसे में दिल्ली का ये फैसला हमें अच्छा महसूस नहीं कराता है।
भारत हमारे मामलों पर बयान ना दे – बांग्लादेश में हालिया हफ्तों में हिंदुओं पर हमलों को लेकर भारत से आई तीखी प्रतिक्रिया पर हुसैन ने नाखुशी जताई है। हुसैन ने कहा, ‘हम भारत में अल्पसंख्यकों के खिलाफ कार्रवाइयों पर बयान नहीं देते हैं। उम्मीद करता हूं भारतीय अधिकारी भी यह नीति अपनाएं। हमारे नागरिकों के खिलाफ ज्यादती होगी तो हमारे पास उससे निपटने के लिए तंत्र हैं। भारत अपने अल्पसंख्यकों का ध्यान रखे तो ज्यादा अच्छा है। हम अपना काम खुद कर लेंगे।’