Tuesday , March 31 2026 10:55 AM
Home / Entertainment / जनता की हुई जीत! Project Hail Mary के IMAX शोज 5 से बढ़कर हुए 60, आठ दिन में वर्ल्‍डवाइड ₹1612 Cr पार

जनता की हुई जीत! Project Hail Mary के IMAX शोज 5 से बढ़कर हुए 60, आठ दिन में वर्ल्‍डवाइड ₹1612 Cr पार


रयान गोसलिंग की साइंस-फिक्शन फिल्‍म ‘प्रोजेक्‍ट हेल मैरी’ के IMAX शोज को लेकर आख‍िरकार जनता की जीत हुई। ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ की बंपर कमाई के कारण जहां पहले भारत में इस फिल्‍म को महज 5 IMAX शोज मिले थे, वहीं सोशल मीडिया पर नाराजगी और गुस्‍से को देखकर अब इसकी संख्‍या बढ़ाकर 60 कर दी गई हैं। हालांकि, अभी भी दर्शकों की मांग को देखते हुए यह संख्‍या कम है। देश में 26 मार्च को रिलीज हुई इस फिल्‍म को अभी IMAX सहित सिर्फ 1,598 शोज में चलाया जा रहा है, लेकिन बावजूद इसके फिल्‍म ने दो दिनों में भारतीय बॉक्‍स ऑफिस पर ₹5.15 करोड़ का नेट कलेक्‍शन कर लिया है। जबकि बाकी दुनिया में 20 मार्च को ही रिलीज हुई इस फिल्‍म ने 8 दिनों में वर्ल्‍डवाइड कुल ₹1612.69 करोड़ का ग्रॉस कलेक्‍शन कर लिया है।
रयान गोसलिंग स्‍टारर ‘प्रोजेक्‍ट हेल मैरी’ को फिल लॉर्ड और क्रिस्‍टोफर मिलर ने डायरेक्‍ट किया है। भारत में ‘धुरंधर 2’ के कारण मेकर्स ने इसे एक हफ्ते के लिए पोस्‍टपोन कर दिया था। हालांकि, जब यह 26 मार्च को रिलीज हुई, तब भी इसे बेहद कम शोज मिले। दर्शकों का गुस्‍सा इसलिए फूटा कि IMAX में शूट होने के बावजूद इस फिल्‍म को पहले सिर्फ 5 आई-मैक्‍स शोज दिए गए थे। जबकि IMAX वर्जन नहीं होने के बावजूद रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ देश के सभी 34 आई-मैक्‍स थ‍िएटर में अभी भी सबसे अध‍िक शोज में दिखाई जा रही है।
प्रीतम डैनियल ने कमेंट ने आग में डाला घी – बुधवार, शाम को इस विवाद के आग में घी डालने का काम किया, IMAX Corporation के वाइस प्रेसिडेंट के प्रीतम डैनियल ने। उन्‍होंने X पर एक यूजर के नाराजगी भरे पोस्‍ट पर अजीब बयान दिया। लिखा कि वह और उनकी एग्‍जीबिशन कंपनी अपना काम कर रही है और किसी के नखरे उठाने के लिए नहीं बैठी है। इसके बाद बवाल और बढ़ गया। लोगों ने प्रीतम को भी ट्रोल करना शुरू कर दिया। हालांकि, जिस तरह से शोज बढ़े हैं, कहीं ना कहीं यह दर्शकों की जीत हुई है।